बरेली : पोल हटाए नहीं, संजय नगर तिराहे पर भी खोद दी रोटरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में कुछ कार्यों का तरीका स्मार्ट नहीं है। इससे आमजन को परेशानी हो रही है। अब बिजली के पोल हटाए बिना ही संजय नगर तिराहे पर रोटरी खोद दी गई। गुरुवार रात खोदी गई रोटरी में सुबह ईंटे भी लगाई जाने लगी हैं, लेकिन इस काम से सड़क …

बरेली,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में कुछ कार्यों का तरीका स्मार्ट नहीं है। इससे आमजन को परेशानी हो रही है। अब बिजली के पोल हटाए बिना ही संजय नगर तिराहे पर रोटरी खोद दी गई। गुरुवार रात खोदी गई रोटरी में सुबह ईंटे भी लगाई जाने लगी हैं, लेकिन इस काम से सड़क में आने जाने की जगह नहीं बची है। इस कारण जाम लग रहा है।

संजय नगर तिराहे पर स्मार्ट सिटी के तहत रोटरी बनाई जा रही है। इसके बनाने से पहले न सड़क चौड़ी की गई और न ही बिजली के पाल शिफ्ट किए गए। आनन-फानन में रात में रोटरी की खोदाई शुरू हुई। सुबह यहां ईंट से गोलाकार चुनाई शुरू हो गई। मार्ग से वाहन निकलने शुरू हुए तो जाम के हालात बन गए। अभी तक वाहनों का आवागमन सुचारू चल रहा था, मगर बिना योजना के कार्य करने से इस तिराहे पर भी जाम लगने लगा।

भाजपा ब्रज क्षेत्र के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर मौर्य ने प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र भेजकर शहर में स्मार्ट सिटी के तहत कराए जा रहे बेतरतीब कार्यों की एसआईटी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अफसर बिना योजना बनाए कार्य कर रहे हैं। गांधी उद्यान के पास सड़क के पास मेनहोल का ढक्कन सड़क पर रखा है।

डिवाइडर खोद कर डाल दिए गए थे, अब सड़क भी खोदकर डाली जा रही है। बताया कि संजय नगर तिराहे पर भी रोटरी बनाने के लिए सड़क खोद दी गई। वहां वाहनों के निकलने के लिए जगह कम हो गई। इस वजह से जाम लग रहा है। पोल की शिफ्टिंग में फिर तोड़फोड़ की जाएगी। सरकार के पैसे को अफसर बर्बाद कर रहे हैं। योजना बनाकर कार्य नहीं करने से पैसा और श्रम भी ज्यादा लग रहा है। इसलिए यहां के कार्यों की एसआईटी जांच कराई जाए।

बिजली पोल हटाने का काम पावर कॉर्पोरेशन को करना है। संजय नगर में रोटरी खोद दी गई है। यहां शीघ्र काम पूरा कराया जाएगा। मैं अभी तक बाहर था। अब आ गया हूं। कार्यों को देखेंगे।
—बीके सिंह, जीएम, बरेली स्मार्ट सिटी

संबंधित समाचार