बरेली: कोतवाली में शिकायत लेकर पहुंचे व्यापारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। पुराना रोडवेज के सामने स्थित चड्ढा मार्केट में एक दुकान को लेकर मालिक और किराएदार के बीच विवाद शुरू हो गया है। दुकान मालिक ने किरायानामा पूरा होने व दो साल से दुकान का किराया नहीं देने और फर्जी दस्तावेज के जरिए दुकान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं …

बरेली,अमृत विचार। पुराना रोडवेज के सामने स्थित चड्ढा मार्केट में एक दुकान को लेकर मालिक और किराएदार के बीच विवाद शुरू हो गया है। दुकान मालिक ने किरायानामा पूरा होने व दो साल से दुकान का किराया नहीं देने और फर्जी दस्तावेज के जरिए दुकान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

वहीं किरायेदार ने दुकान मालिक पर तोड़फोड़ करने व दुकान पर ताला डालने समेत अन्य आरोप लगाए हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन है, फिलहाल दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने पवन चांदना की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के पुराना रोडवेज के सामने चड्ढा मार्केट में मालिक गुरदीप सिंह व उन्हीं के किराएदार इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाने वाले पवन चांदना आमने-सामने आ गए हैं।

शुक्रवार को दोनों पक्ष एक-दूसरे की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी-अपनी बात रखी। चड्डा मार्केट के मालिक ने अपनी शिकायत में बताया कि मॉडल टाउन निवासी पवन चांदना लंबे समय से किराए पर दुकान लेकर पुनीत इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चला रहे हैं। पवन द्वारा किये गए किराएनामे की समय सीमा पूरी हो चुकी है।

दो साल से दुकान का किराया नहीं देने का आरोप है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि उनकी मां को मृत दिखाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर किराए की गलत रसीदें तैयार कराई हैं। इधर व्यापारी पवन चांदना का कहना है कि मार्केट मालिक गुरदीप सिंह जबरन उनसे दुकान खाली करवाना चाहते हैं।

आरोप है कि उन्होंने रात में दुकान के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिये। यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिनों पहले उनके भाई ने साथियों के साथ दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और पुलिस के साथ मिलकर झूठी तहरीर दे दी। चौकी इंचार्ज ने जांच की तो वह भी झूठी निकली है।

मामले की बात सुनकर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पवन चांदना के साथ कोतवाली पहुंचे और उन्होंने व्यापारी का उत्पीड़न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी  पढ़ें-

बरेली: अतिक्रमण हटने के बाद अस्पताल रोड पर सजने लगीं दुकानें

संबंधित समाचार