शाहजहांपुर: एसपी समेत 18 पुलिस कर्मियों पर रिपोर्ट के बाद क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। न्यायालय के आदेश पर एसपी, एएसपी व सीओ समेत 18 पुलिस कर्मियों पर दस्यु उन्मूलन के दौरान एनकाउंटर में दो लोगों की मौत के मामले में रात जलालाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। 2004 में एनकाउंटर में नरेशा धीमर गिरोह के सदस्य बताकर दो ग्रामीणों को पुलिस ने मार दिया था। …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। न्यायालय के आदेश पर एसपी, एएसपी व सीओ समेत 18 पुलिस कर्मियों पर दस्यु उन्मूलन के दौरान एनकाउंटर में दो लोगों की मौत के मामले में रात जलालाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। 2004 में एनकाउंटर में नरेशा धीमर गिरोह के सदस्य बताकर दो ग्रामीणों को पुलिस ने मार दिया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसपी एस. आनंद के निर्देश पर मामले की जांच क्राइम ब्रांच ने शुरू कर दी है।

जलालाबाद क्षेत्र के गांव चचुआपुर निवासी रामकीर्ति ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें बताया कि तीन अक्तूबर 2004 की सुबह गांव के रामसहाय, रामदास, ओमहरि और धनपाल जानवर चराने कटरी क्षेत्र में गए थे। गांव का प्रह्लाद खेत जोतने गया था। रामकीर्ति अपने भाई प्रह्लाद को खाना देने के लिए खेत में आया था। राम कीर्ति ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे 17-18 पुलिसकर्मी खेत पर आ गए। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने धनपाल और प्रह्लाद को खेत के किनारे पतेल के पास ले जाकर चार गोली मारी। पुलिस मुठभेड़ की जांच तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट अमित घोष द्वारा कराई गई, जिसमें मुठभेड़ संदिग्ध पाई गई।

न्यायालय में एडवोकेट एजाज हसन खां ने केस की पैरवी की। अपर सत्र न्यायाधीश सौरभ द्विवेदी के आदेश पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आभापाल ने जलालाबाद थाने को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेशित किया। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर तत्कालीन एसपी सुशील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक माता प्रसाद, सीओ तिलहर मुन्नू लाल, सीओ जलालाबाद जयकरन सिंह भदौरिया, सदर सीओ आरके सिंह , रोजा थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सेहरामऊ दक्षिणी थाना प्रभारी सूबेदार सिंह, मदनापुर थाना प्रभारी राजेंद्र, जलालाबाद थाना प्रभारी हरपाल सिंह, कांट, जैतीपुर, अल्हागंज, कलान, परौर, मिजापुर के थाना प्रभारियों, एसओजी प्रभारी पीके सिंह, एसआई वीके सिंह और कांस्टेबल बदन सिंह के खिलाफ जलालाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

ज्यादातर आरोपी हो गए सेवानिवृत्त
तत्कालीन एसपी सुशील कुमार सिंह, एएसपी माता प्रसाद समेत तीनों सीओ सेवानितृत्त हो चुके हैं। इसके अलावा सेहरामऊ दक्षिणी थानाध्यक्ष रहे सूबेदार सिंह भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सूबेदार सिंह सदर थाने में भी काफी समय प्रभारी निरीक्षक रहे। इसी तरह अन्य ज्यादातर आरोपी भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

वर्ष 2004 में पुलिस और दस्यु गिरोह के बीच मुठभेड़ में हुई थी, जिसमें दो लोगों की मृत्यु हुई थी। मामले की सीबीसीआईडी जांच हुई थी। सीबीसीआईडी ने विवेचना पूरी कर रिपोर्ट दी थी। कोर्ट ने इस रिपोर्ट को स्वीकृति दे दी थी। पश्चात 2012 में मृतक बदमाशों के परिवार वालों ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में 156 (3) में वाद दायर कर पुलिस को आरोपित किया था। संबंधित न्यायालय ने पुलिस के विवरण के आधार पर इसे खारिज कर दिया था। परिवार ने अपील शेसन न्यायालय में की। जहां इसे संज्ञान लेकर आरोपी पुलिस कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
–एस आनंद, एसपी।

संबंधित समाचार