बरेली: बयाना के समय हड़प किए 3.50 लाख, दूसरे को कर दी रजिस्ट्री
बरेली, अमृत विचार। भूमि विक्रेता ने एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की रकम ऐंठ ली। इसके कुछ दिन बाद आरोपी विक्रेता ने जमीन दूसरे व्यक्ति के लिए बेच दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत एडीजी से की है। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले …
बरेली, अमृत विचार। भूमि विक्रेता ने एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की रकम ऐंठ ली। इसके कुछ दिन बाद आरोपी विक्रेता ने जमीन दूसरे व्यक्ति के लिए बेच दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत एडीजी से की है। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आशुतोष सिटी निवासी विनोद कुमार खन्ना ने बताया कि उन्होंने चार लाख रुपये में 150 गज भूमि की खरीद का सौदा 19 अगस्त 2015 को किया था। जमीन का विक्रेता बिहार मान नगला के नौगवा जागीर निवासी लोटन सिंह थे जो वर्तमान में आशुतोष सिटी में ही रह रहे हैं। विनोद ने बताया एग्रीमेंट के समय विक्रेता ने उनसे 50 हजार रुपये लेकर बकाया राशि का भुगतान होने पर बैनामा करने की बात कही थी। कुछ समय बाद लोटन सिंह ने निजी जरूरत बताते हुए 3 लाख रुपये और ले लिए। इसके बावजूद भी भूमि का बैनामा नहीं किया और टालमटोल करने लगे।
आरोप है कि कुछ दिनों बाद जब वह अपने प्लॉट पर पहुंचे तो पता चला कि आरोपी विक्रेता ने प्लॉट की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी है। विनोद कुमार ने जब विक्रेता से 3.50 लाख की रकम वापस मांगी तो उसने धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही गंभीर आरोपों में करीब 20 मामले दर्ज हैं। मामले की शिकायत खरीददार ने स्थानीय पुलिस से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एडीजी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी लोटन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
