सौगात : ट्रेनों में आधुनिक शौचालय, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष सहूलियत
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। ट्रेनों में सफर के दौरान मासिक धर्म से गुजरने वाली आधी आबादी के लिए जहां राहत की खबर है। वहीं, गर्भनिरोधक (कंडोम) खरीदने में झिझक महसूस करने वाले पुरुषों की भी बल्ले-बल्ले होगी। रेलवे स्टेशन के अत्याधुनिक शौचालय में यह दोनों सेवाएं उपलब्ध होंगी। जरूरतमंद को शुल्क चुकाना होगा। स्वयं दोनों सामान …
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। ट्रेनों में सफर के दौरान मासिक धर्म से गुजरने वाली आधी आबादी के लिए जहां राहत की खबर है। वहीं, गर्भनिरोधक (कंडोम) खरीदने में झिझक महसूस करने वाले पुरुषों की भी बल्ले-बल्ले होगी। रेलवे स्टेशन के अत्याधुनिक शौचालय में यह दोनों सेवाएं उपलब्ध होंगी। जरूरतमंद को शुल्क चुकाना होगा। स्वयं दोनों सामान की खरीदारी की जा सकेगी।
महिला-पुरुष के साथ दिव्यांग को टायलेट यूरिनल की सुविधा मिलेगी। प्रसाधन के उपयोग के लिए शुल्क का निर्धारण अभी नहीं हो पाया है। जबकि, सेनेटरी पैड और कंडोम के लिए केंद्र में स्थापित मशीन में सिक्का डालना होगा। उधर, वाहन पार्किंग और ट्रेनों की इंतजार में पूछताछ केंद्र पर भीड़ लगाने वालों को भी राहत मिलने जा रही है। परिसर में ट्रेन चार्टिंग स्क्रीन और गाड़ियों की स्थिति बताने वाली स्क्रीन हर तरह की सूचना देगी।
रेल प्रबंधन के पहल का लाभ अगले कुछ महीनों में मिलेगा। लेकिन, अत्याधुनिक सुविधा युक्त टॉयलेट और यूरिनल की सेवा इसी माह से मिलने जा रही है। स्टेशन के प्रवेश द्वार से सटे टॉयलेट का निर्माण पूरा हो गया है। जल्द कार्यदाई संस्था इसे रेलवे को सुपुर्द कर देगी। जबकि, वाणिज्य विभाग इस सेवा का संचालन करेगा। टॉयलेट और यूरिनल के उपयोग के शुल्क का निर्धारण तो नहीं हो सका है। लेकिन, सेनेटरी पैड व कंडोम के लिए जरूरतमंद को 10-10 रुपये चुकाने होंगे। सूत्रों का कहना है कि सफर के दौरान मासिक धर्म से परेशान यात्री सुरक्षित कक्ष में अपने को व्यवस्थित कर सकेंगी व वहां लगे बॉक्स में प्रयोग में लाया गया सेनेटरी पैड नष्ट कर सकेंगी।
25 जोड़ी ट्रेनों का संचालन एक मार्च से शुरू होगा : कोहरा सीजन के मद्देनजर निरस्त की गयी 25 जोड़ी ट्रेनों का संचालन एक मार्च से शुरू हो जाएगा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को आसानी होगी। अभी सभी ट्रेनों में अनारक्षित टिकट पर यात्रा संभव नहीं हो पा रही है, जबकि एक्सप्रेस ट्रेनों के थोक में निरस्त होने की वजह से रेलवे का सफर परेशानी का सबब बन है।
यह प्रमुख ट्रेनें चलेंगी : रानीखेत एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, सरयू यमुना एक्सप्रेस, गोरखपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, हरिद्वार मेल, सियालदह एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस
मल्टी स्टोरी पार्किंग की मिलेगी सुविधा
रेलवे के ढांचागत सुधार के अभियान का लाभ मुरादाबाद स्टेशन को मिलने वाला है। द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के बगल में मल्टी स्टोरी पाकिंग, फूड प्लाजा, कैंटीन और डिजिटल स्क्रीन स्थापना का कार्य चल रहा है। इस कार्य में छह से आठ माह का समय लग सकता है। इसके निर्माण के बाद परिसर के मुख्यद्वार को और सुसज्जित किया जाएगा। जबकि, ट्रेनों के इंतजार में लोग खाने-पीने की सामग्री हासिल कर सकेंगे। अभी केवल एक नंबर प्लेटफार्म पर एक्सप्रेस फूड का इकलौता केंद्र है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने कहा कि मुख्यालय के स्टेशन का कायाकल्प शुरू है। यात्री सुविधाओं के विस्तार का लेकर कई स्तर पर प्रयास जारी है। अति आधुनिक शौचालय की सुविधा परिसर में मिलने वाली है। महिला-पुरुष के साथ दिव्यांगजनों की सुविधा के आधार पर डिजाइन किया गया टॉयलेट और यूरिनल लगाया जा चुका है। वाणिज्य विभाग इस केंद्र का संचालन करेगा। सेवा शुल्क का निर्धारण नहीं हो सका है। जबकि, सेनेटरी पैड और गर्भनिरोधक (साधन कंडोम) स्वचालित प्रणाली से हासिल किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : लोकेश तिलकधारी ने धड़काया लोगों का दिल, टीवी स्क्रीन पर बिखेरेंगे ‘कलर्स’
