काजीपुरा में नया मुरादाबाद की तर्ज पर जल्द बनेगी कालोनी, 350 एकड़ जमीन चिह्नित
मुरादाबाद/अमृत विचार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कांठ रोड के काजीपुरा में नया मुरादाबाद की तर्ज पर कालोनी बनाने जा रहा है। इसके लिए एमडीए ने काजीपुरा में जमीन भी चिह्नित कर ली है। जल्द ही किसानों से जमीन खरीदने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण शहर के सुनियोजित विकास के …
मुरादाबाद/अमृत विचार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कांठ रोड के काजीपुरा में नया मुरादाबाद की तर्ज पर कालोनी बनाने जा रहा है। इसके लिए एमडीए ने काजीपुरा में जमीन भी चिह्नित कर ली है। जल्द ही किसानों से जमीन खरीदने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण शहर के सुनियोजित विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इस समय एमडीए महायोजना 2031 के तहत काम शुरू किया गया है। महायोजना में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कांठ रोड से दिल्ली रोड को जोड़ने के लिए छह लेन स्मार्ट रोड बनाया जायेगा। इसके साथ ही इस छह लेन रोड के बराबर में ही एमडीए आवासीय कॉलोनी बनाने जा रहा है।
नई महायोजना के तहत काजीपुरा के पास छह लेन रोड बनाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है। रोड बनाने के बाद उसके आसपास कॉलोनी बसाई जायेगी। इसी रोड के किनारे ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जायेगी। एमडीए ने कालोनी बनाने के लिए 350 एकड़ जमीन को चिह्नित कर लिया है। अगले महीने से किसानों से बात करने के बाद जमीन खरीदना शुरू कर दिया जायेगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण इस कॉलोनी में छोटे व बड़े प्लाट बनाकर बेचेगा।
कालोनी में मिलेगी यह सुविधा
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण काजीपुरा में बसने वाली कालोनी में आवासीय भूखंड, मकानों के साथ ही स्कूल, नर्सिंग होम आदि प्रतिष्ठानों के लिए व्यावसायिक भूखंड की भी व्यवस्था होगी। जिससे कालोनी में रहने वाले लोगों को कई प्रकार की सुविधा मिल सकेंगी।
200 किसानों से खरीदी जायेगी जमीन
काजीपुरा में कॉलोनी बनाने के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। जमीन चिह्नित करने के बाद किसानों से उसे खरीदा जायेगा। इसके लिए एमडीए ने किसानों से बात करना भी शुरू कर दिया है। एमडीए लगभग 200 किसानों से कॉलोनी बनाने के लिए जमीन खरीदेगा।
320 करोड़ की लागत आएगी
2021-22 के बजट में कॉलोनी बनाने के लिए 320 करोड़ के बजट की व्यवस्था की गई है। बजट की स्वीकृति मिलने पर अगले महीने जमीन खरीदने शुरू कर दिया जायेगा।
काजीपुरा में कालोनी बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। जमीन खरीदने के लिए किसानों से बात चल रही है। कुछ किसानों से सहमति भी मिल गई है। जल्द ही जमीन खरीदने का काम शुरू कर दिया जायेगा। -सर्वेश कुमार गुप्ता, एमडीए सचिव
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन के एफओबी के पुनर्निर्माण में बार-बार फंस रहा पेंच
