भाजपा के पांच साल के पाप का मैं हूं गवाह : स्वामी प्रसाद मौर्य
रायबरेली। सदर विधानसभा से सपा प्रत्याशी आरपी यादव के पक्ष में सोमवार को राही ब्लॉक के बंदरामऊ ग्रामसभा स्थित समहिया का पुरवा गांव में जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पांच साल तक भाजपा ने जो पाप किया है, उसका मैं गवाह बना हूं। उन्होंने कहा …
रायबरेली। सदर विधानसभा से सपा प्रत्याशी आरपी यादव के पक्ष में सोमवार को राही ब्लॉक के बंदरामऊ ग्रामसभा स्थित समहिया का पुरवा गांव में जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पांच साल तक भाजपा ने जो पाप किया है, उसका मैं गवाह बना हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग जो कहते हैं ठीक उसके उल्टा करते हैं। यह भले ही सबका साथ-सबका विकास का नारा देते हो, लेकिन इन्होंने सबको विनाश करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि 2017 में चुनाव के समय 75 लाख नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था। भाजपा सरकार की तरफ से रोजगार को देने की बजाय, लाठियां बरसाई गई है। इस सरकार में कोई भी भर्ती सही तरीके से नहीं हुई है। कहीं न कहीं पर्चा लीक और पर्चा बिकने की घटनाएं सामने आई है। उन्होंने कहा कि 69000 हजार शिक्षक भर्ती में किस तरह से आरक्षण घोटाला किया गया था, उसको मुझसे बेहतर कोई नहीं जानता है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के छह हजार लोगों का आरक्षण खा गए, सिर्फ यही नहीं, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने सीएम को पत्र लिखकर साफ-साफ कहा कि आपकी सरकार ने 19 हजार पिछड़ा वर्ग के पदों पर सामान्य वर्ग के लोगों को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का किसानों ने भी साथ दिया था, लेकिन योगी और मोदी सरकार ने ही किसानों का अहित करने के लिए किसान बिल तक लेकर आ गए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान अपनी फसल को बोकर आता है, अगर वह रखवाली न करें तो उसकी फसल को योगी बाबा के साड़ पूरी तरह से साफ कर देते हैं। आज किसान योगी बाबा के साड़ भईया और गाय माता से बहुत ही परेशान है, सरकार की तरफ से गायों और साड़ों के खाने पीने की बिल्कुल ही कोई व्यवस्था भी नहीं की। प्रदेश में योगी सरकार को बाहर करके सपा सरकार को लाना होगा।
रायबरेली सदर का चुनाव ऐतिहासिक होगा
रायबरेली की सदर विधानसभा सीट का चुनाव इस बार बहुत ही ऐतिहासिक होने जा रहा है। यह चुनाव आरपी यादव के मान-सम्मान को वापस लाने का है। आरपी यादव को जिस तरह से फर्जी मुकदमे में फंसाकर उनके सम्मान के साथ में खिलवाड़ किया गया है, उसको वापस लाने का यह चुनाव है।आरपी यादव को विधायक इसलिए भी बनाना क्योंकि इस बार स्वामी प्रसाद मौर्य की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
झूठे नेता और छुट्टा जानवरों को हटाना है: नरेश उत्तम
सदर विधानसभा के प्रत्याशी आरपी यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि इस बार आप लोग किसान के बेटे को जीतवाकर भेजिएगा। आरपी यादव के समर्थन में जिस तरह का आज जनसैलाब उमड़ा है इससे साबित हो गया है आपने इस बार किसान के बेटे को विधायक बनाने का लक्ष्य बना लिया है।
सदर विधानसभा से प्रत्याशी आरपी यादव ने सोमवार को कहा कि कुछ विरोधी मेरा एक वीडियो वायरल करके मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं ऐसे लोगों ने कहना चाहूंगा आप चाहे जितनी साजिश कर ले, लेकिन जनता के दिलों में आपका आरपी यादव पूरी तरह से बैठ चुका है। आपका कोई भी वीडियो काम नहीं आने वाला है। उन्होंने कहा कि मैंने सांड़ों को लेकर बात बोली थी और उस पर आज फिर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के सामने बोल रहा हूं कि सपा सरकार के आते ही किसानों के खेत चर रहे सांड़ों को लेकर एक व्यवस्था की जाएगी।
यह भी पढ़े:-गैस कटर से एटीएम काटकर रुपये चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
