मुरादाबाद: डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, साथी घायल
मुरादाबाद /ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। मटर प्लांट में मजदूरी करने वाली एक विधवा की दुर्घटना में मौत हो गई। महिला अपने साथी की बाइक पर काम करने जा रही थी। उनकी बाइक में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि …
मुरादाबाद /ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। मटर प्लांट में मजदूरी करने वाली एक विधवा की दुर्घटना में मौत हो गई। महिला अपने साथी की बाइक पर काम करने जा रही थी। उनकी बाइक में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि महिला के पति की तीन साल पहले मौत हो चुकी है।
थाना डिलारी के गांव राजपुर केसरिया निवासी किरण देवी (40) पत्नी स्वर्गीय हरेंद्र सिंह अपने दो बच्चों के साथ रहती है। तीन साल पहले उसके पति की मौत हो गई। वह उत्तराखंड के कुंडा थाना क्षेत्र के गांव हल्दुआ साहू स्थित मटर के एक प्लांट में मजदूरी करके बच्चों का पेट पालती है। रोजाना की तरह वह रविवार को भी अपने साथी मजदूर देश रतन पुत्र रोशन सिंह के साथ काम पर गई थी।
बताया गया कि देर रात वापस लौटते समय थाना कुंडा के निकट सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे किरण की मौके पर मौत हो गई, जबकि देश रतन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को उत्तराखंड पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि किरण देवी के एक बेटी भावना व बेटा अनमोल है। पति की तीन साल पहले मौत के बाद से वह गड़नीनेगी में देश रतन के साथ रहकर मजदूरी से बच्चों का लालन-पालन कर रही थी। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अनाथ बच्चों का अब कौन सहारा होगा।
