अयोध्या में सीएम योगी ने भरी हुंकार, कहा- गाय पालने वाले किसानों को प्रति माह देंगे 900 रुपए, गोभक्तों की बनाएं सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांचवें चरण के चुनाव के प्रचार का अयोध्या की धरती से आगाज करते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला। मंगलवार को मिल्कीपुर और बीकापुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे योगी ने कहा कि आप गोवंशों की सुरक्षा व राम मंदिर निर्माण करने वालों को …

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांचवें चरण के चुनाव के प्रचार का अयोध्या की धरती से आगाज करते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला। मंगलवार को मिल्कीपुर और बीकापुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे योगी ने कहा कि आप गोवंशों की सुरक्षा व राम मंदिर निर्माण करने वालों को वोट दीजिए, गोवंशों की हत्या करने वालों को नहीं।

राममंदिर बन रहा है लेकिन बहुआ नहीं आ रहे दर्शन को

योगी ने बीकापुर के आरडी इंटर कॉलेज में अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि पांचवें चरण के चुनाव प्रचार का आरंभ रामनगरी अयोध्या से कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर बन गया है तो भी उसका दर्शन करने बबुआ नहीं आ रहे। हम अयोध्या की पांचों सीटें जीतेंगे और प्रदेश में 325 सीटों पर विजय होंगे। ज्यादा सीटें जीतकर मजबूत और दमदार सरकार बनाएंगे।

2017 से पहले का गुंडाराज सबको याद है

सीएम ने लोगों से पूछा कि सभी को 2017 से पहले सपा शासनकाल याद है। जब प्रदेश में गुंडों का राज था। लोगों को अपने पर्व मनाने की छूट नहीं होती थी। लोगों में मन में अपराधियों का भय था, लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद गुंडों-बदमाशों को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनते ही गायों की सुरक्षा और मजबूत की जाएगी। जो किसान गायों को पालेंगे, उनको प्रति गाय 900 रुपये प्रति माह के हिसाब से सहयोग किया जाएगा। किसानों का सहयोग और गाय की सुरक्षा हर हाल में प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा की जाएगी इसके साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

2017 से पहले बिजली की काफी ज्यादा होती थी कटौती

मिल्कीपुर विधानसभा के इनायतनगर स्थित 5 नंबर चौराहे के पास सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि आज पूरी दुनिया आज अयोध्या की ओर देख रही है। अयोध्या का मतलब राम मंदिर से है। अगले वर्ष तक यह भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। अयोध्या को भव्य नगरी के रूप में स्थापित करना है तो यूपी में भाजपा की डबल इंजन की ही सरकार रहनी चाहिए। उन्होंने लोगों से पूछा कि 2017 के पहले आपको बिजली भी नहीं मिलती थी। ईद और मोहर्रम पर यूपी में बिजली आती थी और होली दिवाली पर कटौती होती थी।

अयोध्या का दीपोत्सव भी सभी ने देखा है। गरीब के घर में दीपक बनता है फिर जब वह जगमगाता है तो पूरी दुनिया उसे देखती है। अयोध्या को उसके गौरव के साथ जोड़ने के लिए ही आपके बीच में मैं आया हूं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान मैं पूरे प्रदेश का भ्रमण कर स्तिथि का जायजा ले रहा था तब ये विपक्ष वाले कहा थे। भाजपा सरकार में सभी को निशुल्क वैक्सीन लगी, जिसका नतीजा यह रहा कि कोरोना लोगों को छूने से घबरा रहा था।

कांग्रेस ने लगवाया ताला, सपा ने चलवाई गोलियां

सीएम योगी ने रामजन्म भूमि मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने राम मंदिर पर ताला लगवाया था। वहीं समाजवादी पार्टी ने रामभक्त कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं थी। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में ही राम मंदिर निर्माण शुरू हो पाया है।

यह भी पढ़ें: बैलेट पेपर से मतदान में गड़बड़ी के मामले में गोवा के मुख्य चुनाव अधिकारी ने की रिपोर्ट तलब

संबंधित समाचार