लखनऊ: मतदाता सूची से नाम हुआ गायब, मतदान के लिए परेशान रहे वोटर
लखनऊ। राजधानी में मतदान के दौरान जहां लोगों में वोट देने के लिए उत्साह रहा, वहीं काफी लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब रहे। इससे लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। सरोजनीनगर व आशियाना क्षेत्र के महाराजा बिजली पासी मतदान केंद्र पर लोगों ने हंगामा किया। मतदान करने पहुंचे लोगों का कहना था …
लखनऊ। राजधानी में मतदान के दौरान जहां लोगों में वोट देने के लिए उत्साह रहा, वहीं काफी लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब रहे। इससे लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। सरोजनीनगर व आशियाना क्षेत्र के महाराजा बिजली पासी मतदान केंद्र पर लोगों ने हंगामा किया।
मतदान करने पहुंचे लोगों का कहना था कि उनका वोटर आईडी कार्ड होने के बावजूद उन्हें वोट डालने नहीं दिया गया। सदर में 20 मतदाताओं का नाम सूची से गायब रहा। मिशन इंटर कॉलेज पर मतदान करने पहुंचे बूचड़ मोहाल के मोहम्मद सईद, नई बस्ती के वसीम, अंजुम फातिमा, फरजाना खातून, शमीम बानो का कहना था कि वे लोग हमेशा से मतदान करते आ रहे हैं, पर इस बार इस इलाके के बीस से ज्यादा लोगों के नाम गायब हो गये।
इसी तरह, फतेह अली तालाब रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल पर मतदान करने पहुंचे अमरजीत, जीपीएस कॉलोनी के ओम प्रकाश मिश्रा, सुंदर देवी मिश्रा, अखिलेश चन्द्र द्विवेदी, शुचि द्विवेदी, अखिलेश व चन्द्रावती का नाम सूची से गायब था।
छितवापुर के निवासियों का मतदाता सूची से नाम रहा गायब
छितवापुर के बाग आइना बीवी इलाके की अलीना रेहान व रिजवाना अजीज का नाम सूची से गायब रहा। ये लोग मतदान के लिए परेशान होते रहे। कैण्ट के पायनियर गर्ल्स डिग्री कालेज में बने सखी बूथ के बाहर प्रतिमा का नाम गायब रहा। इसके अलावा इसी बूथ पर रुचि खंड निवासी पंकज अवस्थी व उनके घर के पांचों सदस्यों का नाम मतदाता सूची में नहीं था। इसी बूथ पर सूरज कुमार मालकोटी का नाम वोटर लिस्ट में नाम नहीं था।
बूथ संख्या 171 में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला आया सामने
लखनऊ पश्चिम विधानसभा के बूथ संख्या 171 में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला सामने आया। सआदतगंज के सेंट मैरी पब्लिक कालेज स्थित एक बूथ पर एक 85 वर्षीय बुजुर्ग ने नाम न होने पर आपत्ति जतायी। प्रशासन की लापरवाही के चलते उन्हें मृत दिखा दिया गया। इसी इलाके की आदर्श मांटेसरी स्कूल पर मतदान करने आईं खुशबू पांडेय के पास वोटर कार्ड था लेकिन उनका नाम मतदाता सूची दर्ज में नहीं था। बालागंज के कमलेश बहादुर सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी की गई। बालागंज में कांग्रेस नेता अजय द्विवेदी ने मतदाता सूची में कई लोगों के नाम न होने की शिकायत की।
बीजेपी के मंडल अध्यक्ष का ही नाम रहा गायब
सरोजनीनगर विधानसभा के ही बरौली निवासी राम आधार का नाम सूची से गायब था, इस दौरान बीएलओ से उनकी जमकर बहस हुई। सरोजनीनगर के एक बूथ पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा का ही वोटर लिस्ट से नाम गायब मिला। हिंन्दनगर वार्ड में रश्मि त्रिपाठी और सतेंद्र बतियानी का नाम वोटर लिस्ट से गायब था। बख्शी का तालाब बाजार में मयंक शर्मा व सीमा शर्मा वोट डालने पहुंचे तो सूची में उनका नाम नहीं मिला। मलिहाबाद विधानसभा सीट पर काकोरी के दो बूथों पर मतदान कराने को लेकर समस्या सामने आई। काकोरी की बूथ संख्या 376 पर आठ लोगों को वोट नहीं देने का आरोप लगा। जबकि बूथ नंबर 20 पर केवल मतदाता पहचान पत्र से ही मतदान करने के लिए कहा गया।
काकोरी स्थित बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कालेज में छह बूथ बनाए गए है। इसमें 373, 374, 375, 376, 377 व 378 बनाए गए। बूथ संख्या 376 में आठ लोगों को वोट न देने का आरोप लगा। इस बूथ पर गीता वोट देने आई पर पता चला कि उनका वोट पड़ चुका है। इस पर विभिन्न राजनैतिक दल के बूथ अभिकर्ता ने आरोप लगाया कि सुबह से यह आठवां मामला है, जिसमें यह बात सामने आ रही है कि आपका वोट पड़ चुका है। गीता ने बताया कि अंदर कहा गया कि उनके पति राजेन्द्र का भी वोट पड़ चुका है जबकि अभी वह भी वोट डालने नहीं आए।
इसी तरह मलिहाबाद के बूथ नंबर 20 पर मतदाता पहचान पत्र पर मतदान करने की अनुमति नहीं मिली। कहा गया कि आधार ले जाने पर ही वोट डालने को मिलेगा। इस पर मतदाताओं और बूथ अभिकर्ता ने आरोप लगाया। इस सूचना पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट के कहने पर अनुमति दी गई। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी से मतदाताओ को परेशानी उठानी पड़ी।
मोहनलालगंज कस्बा निवासी मीना मिश्रा मतदान करने पहुंची तो पता चला उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब हो गया। शना निवासी मोहनलालगंज मतदान केन्द्र पर वोट डालने पहुंची तो पता चला उनका वोट आठ किलोमीटर दूर परेहटा गांव के बूथ पर पड़ेगा, जिसके बाद वह भी मायूस होकर अपने घर लौट गयी। सिसेंडी गांव में पूरे परिवार का नाम ही वोटर लिस्ट से गायब रहा।
यह भी पढ़े: मुरादाबाद: करोड़ो की धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, कई जिलों में आरोपी की थी तलाश
