मुरादाबाद : प्रेम-प्रसंग में दुकानदार की हत्या करने में भाइयों को उम्रकैद
मुरादाबाद, अमृत विचार। संभल में प्रेम-प्रसंग को लेकर करीब छह साल पहले दिनदहाड़े हुई दुकानदार की हत्या में कोर्ट ने दो भाइयों को दोषी माना है। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने भाइयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर 20 हजार का जुर्माना भी लगाया है। वहीं, साक्ष्य के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। संभल में प्रेम-प्रसंग को लेकर करीब छह साल पहले दिनदहाड़े हुई दुकानदार की हत्या में कोर्ट ने दो भाइयों को दोषी माना है। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने भाइयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर 20 हजार का जुर्माना भी लगाया है। वहीं, साक्ष्य के अभाव में तीसरे आरोपी को कोर्ट ने बरी कर दिया है।
घटना 28 अगस्त 2016 को संभल कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। संभल निवासी दबीर ने कोतवाली संभल में भूरा उर्फ कुंजा, उसके भाई वाजिद के अलावा मुमताज और अय्यूब के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दाबिर का कहना था कि उसके छोटे भाई फहीम की जहांगीर नामक युवक से दोस्ती थी। जहांगीर का प्रेम-प्रसंग मोहल्ला मियांसराय में रहने वाले भूरा उर्फ कुंजा की बहन से चल रहा था।
घटना से कुछ दिन पहले जहांगीर उसकी बहन को लेकर फरार हो गया। भूरा को शक था कि उसके भाई फहीम ने जहांगीर की सहायता की है। शक में 28 अगस्त 2016 को भूरा कुंजा व आसिफ पुत्र वाजिद, अय्यूब और मुमताज मोहल्ला चमनसराय स्थित उसकी परचून की दुकान पहुंचे। दाबिर के अनुसार उस वक्त उसका अन्य छोटा भाई जुबैर दुकान पर बैठा था। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट करने के बाद गोली मारकर जुबैर की हत्या कर दी थी। फिर धमकाते हुए फरार हो गए।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वाद-विवेचना के दौरान पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। ट्रायल के दौरान एक आरोपी मुमताज की मौत हो गई। मामले की सुनवाई गुरुवार को अपर जिला जज सप्तम ज्ञानेंद्र सिंह यादव की कोर्ट में हुई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने सभी को झूठा फंसाने की दलील दी।
जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता महेंद्र सिंह कश्यप ने बताया कि कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद आरोपी भूरा उर्फ कुंजा व आसिफ पुत्रगण वाजिद कुरैशी को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साक्ष्य के अभाव में तीसरे आरोपी अय्यूब को बरी कर दिया है।
