मुरादाबाद : पुरानी पेंशन योजना पर राजस्थान में लगी मुहर, केंद्र का भी बदलेगा मन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐलान कर राजस्थान सरकार ने लाखों कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया है। मजदूरों के संघर्ष का सम्मान किया है। पश्चिम बंगाल में भी यह व्यवस्था लागू है। जल्द गैर भाजपा शासित राज्यों और केंद्र सरकार का भी मन बदलेगा। यह हमारी लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत है। यह …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐलान कर राजस्थान सरकार ने लाखों कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया है। मजदूरों के संघर्ष का सम्मान किया है। पश्चिम बंगाल में भी यह व्यवस्था लागू है। जल्द गैर भाजपा शासित राज्यों और केंद्र सरकार का भी मन बदलेगा। यह हमारी लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत है।

यह बातें एआईआरएफ के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र ने बातचीत में कही। वह गुरुवार को नरमू की मंडलीय बैठक में हिस्सा लेने आए थे। इन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमारा उत्साह बढ़ाया है। संभव है तमिलनाडु, केरल और गैर भाजपा शासित राज्य इस पर विचार करेंगे। कहा कि रेलवे के निजीकरण को लेकर सरकार ने रुख साफ कर दिया है। बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक में यह बात साफ किया कि रेलवे का निजीकरण हमारे एजेंडे में नहीं है।

यह जरूर है कि रेलवे कॉलोनी और स्टेशनों के विकास में धनाभाव आड़े आ रहा है, इसलिए प्राइवेट एंटरप्रेन्योर से सरकार मदद लेगी। लेकिन, इस निर्णय के पहले सरकार कर्मचारी संगठनों से विचार-विमर्श करेगी।

संगठन की सभी शाखाएं 14 मार्च को देंगी धरना
मिश्र ने कहा कि रायबरेली की एनसीएफ के निगमीकरण को लेकर हमारी उनसे लंबी वार्ता हुई है। रेल मंत्री ने भरोसा दिया है कि बरेली कारखाने को विश्वस्तरीय उत्पादक बनाया जाएगा। बताया कि कि 14 मार्च से कर्मचारी आंदोलन की शुरुआत करने जा रहे हैं। संगठन की सभी शाखाएं 14 मार्च को धरना देंगी। आंदोलन में हम एनपीएस का विरोध करेंगे और पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की पुरजोर मांग करेंगे। कहा कि रेलवे में कर्मचारियों की कमी से स्टाफ पर काम का बोझ अधिक है। जबकि 1800 रुपये ग्रेड-पे के कर्मचारियों की प्रोन्नति लंबित है। तत्कालीन रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने 1900 ग्रेड-पे के कर्मचारियों की प्रोन्नति का दावा किया था। धरने के बाद एआईआरएफ अपने आंदोलन की समीक्षा करेगा, फिर आगे की रणनीति बनाएंगे।

नई पेंशन के विरोध में 14 मार्च को दिल्ली में होगा प्रदर्शन
मुरादाबाद। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन की समीक्षा बैठक में 14 मार्च को नई पेंशन के विरोध में होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए चर्चा की गई और मंडल के सभी पदाधिकारियों से प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। गुरुवार को कपूर कंपनी स्थित कार्यालय पर एआईआरएफ के महामंत्री कामरेड शिवगोपाल मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में वर्तमान में संगठन की स्थिति व भविष्य में एनआरएमयू द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा की गई।

शिवगोपाल ने 14 मार्च को नई पेंशन, निजीकरण व निगमीकरण के विरोध में नई दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की और सभी धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सभी शाखाओं से पूरा सहयोग की अपील भी की। वहीं, मुरादाबाद मंडल के मंडल मंत्री कामरेड राजेश चौबे ने सभी शाखाओं के शाखा मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की और दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। केंद्रीय उपाध्यक्ष कामरेड एमपी चौबे ने मंडल के सभी पदाधिकारियों को एकजुटता के साथ ट्रेड यूनियन आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। मौके पर केंद्रीय उपाध्यक्ष कामरेड परवीना सिंह, मंडल अध्यक्ष कामरेड. मनोज शर्मा व सुहेल खालिद समेत मंडल के समस्त पदाधिकारी, मुरादाबाद मंडल की सभी शाखाओं के शाखा मंत्री व शाखा अध्यक्ष सहित मंडलीय युवा संयोजक भी शामिल रहे।

संबंधित समाचार