मुरादाबाद : हत्यारोपी पति के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिजनों ने थाने में किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नागफनी थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता की उसके जसपुर उत्तराखंड स्थित ससुराल में हत्या हो गई। एक साल पहले ही युवती की शादी हुई थी। आरोपी पति सरकारी शिक्षक है और यह उसकी दूसरी शादी थी। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नागफनी थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता की उसके जसपुर उत्तराखंड स्थित ससुराल में हत्या हो गई। एक साल पहले ही युवती की शादी हुई थी। आरोपी पति सरकारी शिक्षक है और यह उसकी दूसरी शादी थी। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति, जेठ और उसके बेटे समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, विवाहिता के परिजनों ने जसपुर पुलिस के खिलाफ मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए नागफनी थाने में जमकर हंगामा किया।

परिजनों के आक्रोश को देखकर एसएचओ नागफनी ने जसपुर पुलिस से बात की। उन्होंने विवाहिता के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत होकर घर आ गए और विवाहिता का अंतिम संस्कार किया। बंगला गांव में रहने वाले विवाहिता के पिता तेजपाल ने बताया कि उनकी बेटी पूनम(34) की शादी पिछले साल 18 जुलाई को उत्तराखंड के जसपुर निवासी सरकारी शिक्षक नरेंद्र सैनी के साथ हुई थी।

इससे पहले नरेंद्र सैनी की पहली पत्नी की मई 2021 में मौत हो गई थी। पूनम के भाई उमेश ने बताया कि शादी के बाद से ही नरेंद्र कुमार सैनी और उसके परिवार वाले कम दहेज लाने के लिए उनकी बहन को प्रताड़ित करते थे। पूनम ने इस बारे में कई बार अपने भाई से शिकायत भी की थी। इसमें बताया कि नरेंद्र सैनी और उसके परिवार वाले दहेज में छह लाख रुपए नगद और नई कार की मांग कर रहे हैं। बहन का घर बचाने के लिए उमेश ने नवंबर 2021 में उन्हें चार लाख रुपए भी दिए थे। इसके बाद भी उनका व्यवहार नहीं बदला।

गुरुवार को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि पूनम की तबीयत खराब है। इस सूचना पर वह जसपुर पहुंचे, जहां उनकी बहन का शव पड़ा हुआ था। उमेश ने आरोपी पति नरेंद्र, उसके बड़े भाई राम अवतार और भतीजे अतुल के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए जसपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जसपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पूनम का शव मायके वालों को सौंप दिया। गुरुवार देर रात परिजन शव लेकर घर पहुंचे। उसे देखते ही घर में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ठगी का जाल, मौका मिला तो कर देंगे कंगाल

संबंधित समाचार