मुरादाबाद : दहेज के लिए पति ने तलाक देकर घर से निकाला
मुरादाबाद, अमृत विचार। ससुराल वालों ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता का उत्पीड़न किया। बेटी पैदा होने पर तो जुल्मों की इंतेहा कर दी। मांग पूरी करने से इनकार करने पर ससुराल वालों ने पीटा और पति ने तीन तलाक देकर घर निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। ससुराल वालों ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता का उत्पीड़न किया। बेटी पैदा होने पर तो जुल्मों की इंतेहा कर दी। मांग पूरी करने से इनकार करने पर ससुराल वालों ने पीटा और पति ने तीन तलाक देकर घर निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा व थाना पाकबड़ा की ख्वाजा कॉलोनी निवासी शबाना ने बताया कि उसका निकाह 27 मई 2015 को कस्बे के ही हाशमपुर चौराहा आजादनगर निवासी राशिद के साथ हुआ था। पीड़िता का कहना है कि निकाह के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले कम दहेज के लिए ताने देने लगे। इसके बाद छोटी-छोटी बातों को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। इस दौरान उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद तो ससुराल वालों का उत्पीड़न और बढ़ गया। पति व अन्य ससुराली मायके से दो लाख रुपये लाकर देने की मांग करने लगे।
धमकी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की तो घर में नहीं रहने देंगे। शबाना का आरोप है कि 20 फरवरी को पति, सास, ससुर, दो ननद और दो ननदोई ने कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट की और मायके से दो लाख रुपये लाने के लिए दबाव बनाया। इनकार करने पर ससुरालियों के कहने में आकर पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। एसएसपी ऑफिस में शिकायत सुन रहे एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने पाकबड़ा एसएचओ को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
