रामपुर : यूक्रेन पर रूस के हमले से रामपुर में कई मां-बापों का कांपा कलेजा
रामपुर, अमृत विचार। यूक्रेन पर रूस के हमले से रामपुर में कई मां-बाप परेशान हैं। रामपुर के छात्र यूक्रेन में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हालांकि, यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे छात्र भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। इसके अलावा वीडियो काल पर अपने घरों पर भी संपर्क बनाए हुए हैं। बच्चों के सात …
रामपुर, अमृत विचार। यूक्रेन पर रूस के हमले से रामपुर में कई मां-बाप परेशान हैं। रामपुर के छात्र यूक्रेन में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हालांकि, यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे छात्र भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। इसके अलावा वीडियो काल पर अपने घरों पर भी संपर्क बनाए हुए हैं। बच्चों के सात समंदर पार मुसीबत में घिरे होने से मां-बाप की रातों की नींद हराम हो गयी है। घरों में बच्चों के खैरियत से वतन लौटने के लिए दुआओं का सिलसिला जारी है। रामपुर के दो छात्र यूक्रेन और रूस की सीमा से काफी करीब रह रहे हैं। हालांकि, पश्चिमी यूक्रेन में अभी हालात खराब नहीं हैं।
यूक्रेन में मेडिकल की शिक्षा प्राप्त कर रहा स्वार के ग्राम हसन का मझरा निवासी डा. इब्ने हसन का बेटा जीशान अली वीडियो कालिंग के जरिए परिजनों के संपर्क में है और घर आने की तैयारी में लगा हुआ है। हालांकि, यूक्रेन में रामपुर के छात्र भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। थाना केमरी के ग्राम बसंतपुर निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा का पुत्र संजय शर्मा यूक्रेन के शहर वीन्नित्स्या स्थित नेशनल प्रिग्रोव मेडिकल यूनिवर्सिटी में मेडिकल की शिक्षा प्राप्त करने के लिए गया हुआ है।
संजय जून में घर आया था और 10 जून 2021 को यूक्रेन लौट गया था। वीन्नित्स्या शहर रूस सीमा से केवल दो सौ किमी. दूर है। वीडियो कालिंग में संजय ने अपने मां-बाप को बताया है कि युद्ध के कारण सरकार ने बिजली काट दी है और इंटरनेट सेवा को रुक-रुककर चलाया जा रहा है। छात्रों की सकुशल वतन वापसी के लिए दुआएं की जा रही हैं। सैदनगर के ग्राम बिचपुरी निवासी पूर्व प्रधान नेकपाल बीमा कंपनी में अभिकर्ता हैं फिलवक्त वह साईं विहार में सपरिवार रहते हैं। उनका पुत्र अमित कुमार लबीब नेशनल यूनिवर्सिटी में मेडिकल में प्रथम वर्ष का छात्र है।
17 मार्च को अपने वतन लौटेगा यूक्रेन में फंसा जीशान
स्वार। यूक्रेन में स्वार क्षेत्र के ग्राम मझरा हसन निवासी डा. इब्ने हसन का बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध से छात्र के परिजन चिंतित हो उठे हैं छात्र वहां से निकलकर अपने घर आने की तैयारी में लगा है। जीशान का अपने वतन लौटने के लिए 17 मार्च का टिकट हो गया है।
क्षेत्र के गांव हसन का मझरा निवासी डा. इब्ने हसन का बेटा जीशान अली से लगातार वीडियो काल पर संपर्क बनाये हुए है। पिता ने जीशान से यूक्रेन में माहौल खराब होने के कारण जल्द से जल्द घर आने को कहा है। वीडियो कालिंग पर बताया कि परिवार के सभी लोग तुम्हारी चिंता कर रहे हैं। उनका बेटा जीशान यूक्रेन की उजाराड सिटी मे रहता है। वह एमबीबीएस की छह माह पूर्व पढ़ाई करने गया था। अब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हो गया है और जमकर गोलीबारी के साथ ही मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पढ़ने वाला छात्र जल्द से जल्द अपने घर पहुंच जाना चाहता है। जीशान लगातार अपने पिता के संपर्क में है। जीशान ने बताया कि 17 मार्च का टिकट करा लिया है। शीघ्र वापस आ जाएगा।
यूक्रेन से 17 को आएगा खेड़ा टांडा का सुभान
टांडा। थाना अजीमनगर क्षेत्र के ग्राम खेड़ा टांडा निवासी जलीसअहमद का पुत्र सुभान अहमद भी यूक्रेन के शहर उजारॉड स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई करने गया है। जलीस अहमद ने बताया कि सुभान नेशनल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के प्रथम वर्ष का छात्र है। जलीस अहमद ने बताया कि सुभान तीन महीने पहले मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन गया था। उन्होंने बताया कि उनकी बेटे से मोबाइल पर बात हुई थी वह बता रहा था कि यहां खतरे को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने भी जाने के लिए कह दिया है। लेकिन, उसका 17 मार्च का टिकट हुआ है।
