गोरखपुर में बोले सीएम योगी, कहा- जिले के नवयुवकों को अब नौकरी के लिए नहीं जाना होगा बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। गोरखपुर के नौजवानों को अब रोजगार की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विकास कार्यक्रमों से जुड़कर उसे यहीं नौकरी मिल जाएगी। इसका जरिया बनेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले इंडस्ट्रियल कॉरिडोर। विकास की तमाम बड़ी परियोजनाएं आएंगी और बड़ी संख्या में स्थानीय स्तर पर रोजगार सुलभ होगा। यह …

गोरखपुर। गोरखपुर के नौजवानों को अब रोजगार की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विकास कार्यक्रमों से जुड़कर उसे यहीं नौकरी मिल जाएगी। इसका जरिया बनेंगे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले इंडस्ट्रियल कॉरिडोर। विकास की तमाम बड़ी परियोजनाएं आएंगी और बड़ी संख्या में स्थानीय स्तर पर रोजगार सुलभ होगा।

यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह रविवार शाम पिपरौली ब्लाक के जैतपुर में गोरखपुर ग्रामीण व सहजनवा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि जैतपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे में मिलने वाली है।

इससे अब लखनऊ जाने के लिए दो मार्ग मिल जाएंगे। यही नहीं एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनने से जैतपुर एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कैसे होता है यह पांच सालों में आप सबने देखा होगा। एम्स, खाद कारखाना, एक्सप्रेस वे, कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास समेत अनेक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकास का ऐसा कोई भी कार्य बाकी नहीं है जिसकी आवश्यकता रही हो और वह पूरा ना हुआ हो। यह तभी संभव हुआ जब राज्य में भारतीय जनता पार्टी की दमदार सरकार है।

कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाने वाले वही जाकर मांगे वोट

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास के नाम पर सिर्फ कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनवाई। उन्होंने जनता से कहा कि सपा के लोग जब वोट मांगने आए तो उनसे कहिए वोट भी कब्रिस्तान पर जाकर ही मांगे। पूर्व की सपा सरकार में बैठे लोग विकास योजनाओं को लूट का जरिया बनाते थे। बुलडोजर का इस्तेमाल ऐसे ही लोगों के लिए किया गया।

10 मार्च के बाद और रफ्तार से चलेंगी जन कल्याणकारी योजनाएं

जैतपुर में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, स्कूली बच्चों आदि के लिए चलाई गई तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा किया।  साथ ही कहा कि 10 मार्च के बाद सरकार बनने पर यह सभी योजनाएं और अधिक रफ्तार से लोगों को लाभान्वित करेंगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सरकार हर एक गरीब की चिंता करने वाली सरकार है।

पांच चरणों के रुझान में बीजेपी पूर्ण बहुमत से काफी आगे

सीएम योगी ने कहा कि पांच चरणों का रुझान यह बताता है कि भाजपा पूर्ण बहुमत से काफी आगे है। अब हम फिर एक बार 300 पार के मार्ग पर हैं। इसके लिए हमें गोरखपुर की सभी नौ सीटें जीतनी हैं। उन्होंने सबसे अपने बूथ को भाजपा के पक्ष में संभालने और पहले मतदान फिर जलपान के मंत्र का अनुसरण करने की अपील की।

जनसभा को गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल, गोरखपुर के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रत्याशी विपिन सिंह, सहजनवा के प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला, भाजपा के जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी, पूर्व विधायक बृजेश सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख राम प्रकाश शुक्ला, डॉक्टर संजय त्रिपाठी आदि ने भी संबोधित किया।

साढ़े साल तक घरों में छिपे लोग अचानक दिखा रहे गर्मी : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर। बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विमलेश पासवान के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साढ़े साल तक घरों में छुपे लोग चुनाव आने पर अचानक गर्मी दिखा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के विकास कार्यों से सपा के लोग परेशान हैं। उनके नेता चुनाव परिणाम आते ही बाहर भागने की तैयारी कर लिए हैं। भाजपा की सरकार सुरक्षा सम्मान व स्वावलंबी की गारंटी है।

सोमवार अपराहन कौड़ीराम में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राशन, बिजली, कोरोना प्रबंधन व जनकल्याण के अनेक कार्यक्रमों की सफलता को दोहराने के साथ ही भविष्य में सरकार की तरफ से जनता को मिलने वाले उपहार के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि बांसगांव में जितने काम हुए हैं उसे लेकर वह यहां के चुनाव परिणाम के प्रति गोरखपुर शहर की भांति ही निश्चिंत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही कौड़ीराम से लोग दो घंटे में वाराणसी पहुंच जाएंगे जबकि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए उन्हें लखनऊ पहुंचने में महज तीन घंटे लगेंगे। सीएम ने कहा कि उनका बुलडोजर माफियाओं के खिलाफ चलता रहेगा इसके साथ ही गौमाता को कटने नहीं देंगे और अन्नदाता किसानों की फसल को क्षति से भी बचाएंगे।

कौड़ीराम में आयोजित जनसभा को बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, विधायक एवं  प्रत्याशी डॉक्टर विमलेश पासवान, पूर्व सांसद सुभावती पासवान, डीसीएफ के चेयरमैन महंथ सिंह, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष डॉ विभ्राट चंद कौशिक, मार्कंडेय राय आदि ने भी संबोधित किया।

यह भी पढ़े: हरियाणा से नैनीताल घूमने आए पर्यटक के गले में धारदार हथियार से वार, उपचार के बाद दोस्तों के साथ हुआ फरार

संबंधित समाचार