मुरादाबाद : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार छात्र को मौत, साथी घायल
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। उसका दोस्त चोटिल हो गया। पुलिस ने छात्र को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और बिना किसी कार्रवाई के शव को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। उसका दोस्त चोटिल हो गया। पुलिस ने छात्र को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ट्रक व चालक को पकड़ लिया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के बलदेवपुरी निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार कश्यप हिंदू कॉलेज में बीए फाइनल ईयर का छात्र था। उसके पिता कैलाश कश्यप घर में पाउडर कोटिंग का काम करते हैं। इसमें अजय भी अपने पिता का हाथ बंटाता था। मंगलवार दोपहर अजय पीतल नगरी निवासी अपने दोस्त हर्षित के साथ पाउडर लेने के लिए करुला जा रहा था। पीतल नगरी डिपो के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों दोस्त गिर गए। सड़क पर गिरा अजय ट्रक के पहिए के एकदम नजदीक आ गया। इससे वह बेहोश हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से हर्षित उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, मगर कुछ देर बाद ही उसकी सांसों की डोर टूट गई। अजय के शरीर पर जाहिरा चोट का कोई निशान नहीं था। इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि छात्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। चालक को गिरफ्तार करके ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बुआ के घर आई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
