लखनऊ: पीएल पुनिया ने मोदी व योगी पर साधा निशाना, कहा- यूक्रेन में फंसे हैं भारतीय बच्चे, पीएम व सीएम चुनावी जनसभा में व्यस्त
लखनऊ। यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया ने शोक जताया है, साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पीएम ने यदि समय रहते उचित कदम उठाया होता तो यूक्रेन से छात्रों को निकाला जा सकता था। …
लखनऊ। यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया ने शोक जताया है, साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पीएम ने यदि समय रहते उचित कदम उठाया होता तो यूक्रेन से छात्रों को निकाला जा सकता था। लेकिन सरकार की उदासीनता के चलते हजारों भारतीय छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उन्होंने सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द छात्रों को वापस भारत लाया जाए।
पीएल पुनिया ने कहा है कि पश्चिम के कई देशों ने समय रहते एडवाइजरी जारी की और अपने नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन हमारे देश की सरकार ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री तथा रक्षामंत्री चुनावी जनसभाओं में व्यस्त रहे। जिसके चलते सिर्फ उत्तर प्रदेश के डेढ़ हजार से अधिक भारतीय लोग यूक्रेन में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे बच्चों के वीडियो सोशल मीडिया पर आ रहे हैं। वह मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री उन दुखी परिवारों से मिलने के बजाय चुनावी जनसभा में व्यस्त हैं।
पीएल पुनिया यहीं नही रुके उन्होंने भाजपा सरकार पर देश को आर्थिक तथा सामाजिक तौर पर कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी नैतिकता भी खो दी है। यूक्रेन में फंसे बच्चों की बात करने की बजाय पूरी सरकार विधानसभा चुनाव पर अपना ध्यान लगाए हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार से अपील कर रही है कि चुनावी व्यस्तता से मुक्त होकर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को देश सकुशल वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि हर भारतीय की जिंदगी सुरक्षित हो।
यह भी पढ़ें:-भाजपा सरकार की उदासीनता से बदहाल है महादेवा रेलवे लाइन: राजनाथ शर्मा
