कन्नौज: एक्सप्रेस-वे पर कार सवारों ने राहगीर से लूटा लाखों का माल, गिरफ्तार
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर वाहन के इंतजार में खड़े युवक को लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर नगदी समेत जेवरात लूट लिए और मारपीट कर चलती कार से फेंक कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना से एक्सप्रेस वे पर हड़कंप मच गया। किसी तरह पीड़ित ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम की …
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर वाहन के इंतजार में खड़े युवक को लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने असलहों के बल पर नगदी समेत जेवरात लूट लिए और मारपीट कर चलती कार से फेंक कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना से एक्सप्रेस वे पर हड़कंप मच गया। किसी तरह पीड़ित ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर बदमाशों को घेर कर लखनऊ के टोल प्लाजा पर पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
औरैया के एरवाकटरा थाना के अमीरपुर गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र महेश चंद्र बुधवार को लखनऊ जाने के लिए सॉरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के किलोमीटर 154 पर वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी आगरा की तरफ से आ रहे कार सवार पांच बदमाशों ने युवक को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया और असलहों के बल पर युवक उससे 25 हजार की नगदी, दो अंगूठी, एक चेन, मोबाइल, एवं ब्लूटूथ लूट लिया और मारपीट कर चलती कार से फेंक कर फरार हो गए।
तभी पीछे से आ रहे ट्रक को रोककर पीड़ित ने ड्राइवर के मोबाइल से घटना की सूचना कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर पर दी। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर सूचना दे दी। इसके बाद घेराबंदी कर भाग रहे बदमाशों को लखनऊ के पास टोल प्लाजा किलोमीटर 290 पर दबोच लिया गया। पकड़े गए बदमाशों को लखनऊ के काकोरी पुलिस के हवाले किया गया।
जहां बदमाशों से पूछताछ करते हुए कन्नौज पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को काकोरी थाना के लिए रवाना किया गया है। विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि लुटेरे अलग-अलग जनपदों के हैं।
यह भी पढ़ें: बहराइच: संजय सेतु पुल होगा फोरलेन, सड़क भी की जाएगी चौड़ी, नितिन गडकरी ने सांसद को भेजा पत्र
