बरेली: हैंडपंप की मरम्मत कराई नहीं, खाते से सात लाख रुपये निकाल लिए
बरेली,अमृत विचार। भुता विकासखंड की ग्राम पंचायत बेवल बरकतपुर में पंचायत सचिव ने हैंडपंप की मरम्मत के नाम पर करीब सात लाख रुपये सरकारी खाते से निकाल लिए, लेकिन हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई। ग्राम प्रधान को इसका पता चला तो उन्होंने डीपीआरओ से शिकायत की। डीपीआरओ ने मामले की जांच की तो आरोप सही …
बरेली,अमृत विचार। भुता विकासखंड की ग्राम पंचायत बेवल बरकतपुर में पंचायत सचिव ने हैंडपंप की मरम्मत के नाम पर करीब सात लाख रुपये सरकारी खाते से निकाल लिए, लेकिन हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई। ग्राम प्रधान को इसका पता चला तो उन्होंने डीपीआरओ से शिकायत की। डीपीआरओ ने मामले की जांच की तो आरोप सही पाया गया।
डीपीआरओ ने पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
प्रदेश सरकार ग्राम पंचायतों में बेहतर सुविधाएं मुहैय्या कराने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन कुछ जिम्मेदार अधिकारी शासन की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। बरकतपुर ग्राम पंचायत में हैंडपंपों की मरम्मत के नाम पर घोटाले का मामला सामने आया है।
आरोप है कि करीब एक माह पहले पंचायत सचिव कुलदीप पांडेय ने हैंडपंपों की मरम्मत कराने के नाम पर सरकारी खाते से सात लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान क्षत्रपाल सिंह को हुई तो उन्होंने पंचायत सचिव से बात की। आरोप है कि पंचायत सचिव कुलदीप पांडेय ने कुछ बताने के बजाय इधर-उधर की बातें बता दीं।
ग्राम प्रधान ने सरकारी खाता चेक किया तो सात लाख रुपये निकाले जाने का पता चला। प्रधान की शिकायत पर डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने खुद मौके पर जाकर जांच की तो वहां पता चला कि हैंडपंपों की ही नहीं कराई गई।
डीपीआरओ ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वह जांच करने गांव गये थे। जांच के दौरान हैंडपंप की मरम्मत कराने के नाम पर सात लाख रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई है, जबकि ग्राम पंचायत में ऐसा कोई काम नहीं कराया गया है।
प्रधान ने लगाए आरोप
बेवल बरकतपुर के प्रधान क्षत्रपाल ने पंचायत सचिव कुलदीप पांडेय पर आरोप लगाया है कि वह दूसरे व्यक्ति से काम करा रहे हैं, जबकि जनता ने उन्हें प्रधान चुना है। उनकी बगैर जानकारी के खाते से रुपये निकाल लिए गए। पंचायत सचिव ने डोंगल भी अपने पास रखा है।
