अयोध्या में दिखेगा दिल्ली-चंडीगढ़ मॉडल, शहर में बनेंगे वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन, जाम की समस्या से मिलेगी निजात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या में बदनुमा दाग बनी जगह-जगह जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन तैयार किए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली, लखनऊ, कानपुर व चंडीगढ़ से वेंडिंग जोन का मॉडल मंगाया गया है। योजना का पूरा खाका खींचा जा चुका है। सब कुछ सही रहा आगामी निगम की बोर्ड बैठक …

अयोध्या। अयोध्या में बदनुमा दाग बनी जगह-जगह जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन तैयार किए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली, लखनऊ, कानपुर व चंडीगढ़ से वेंडिंग जोन का मॉडल मंगाया गया है। योजना का पूरा खाका खींचा जा चुका है। सब कुछ सही रहा आगामी निगम की बोर्ड बैठक में इस योजना को पास भी करा लिया जाएगा। राम मंदिर निर्माण के बाद से ही अयोध्या का कायाकल्प शुरू हो गया था।

इसके बाद से ही यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। इस बीच जो नोटिस किया गया वह यह कि कई चौक-चौराहों पर जाम लगने की समस्या बढ़ती जा रही है। शहर के व्यस्ततम इलाकों में जाम की समस्या का प्रमुख कारण ठेला, खोमचा, पटरी-गुमटी दुकानदारों को माना जाता है। शहर के ह्दयस्थल चौक घंटाघर, फतेहगंज, नाका व देवकाली समेत अन्य व्यस्ततम इलाकों में ठेला व पटरी दुकानदार बड़ी संख्या में व्यवसाय करते हैं। इन दुकानदारों की वजह से अक्सर जाम लग जाता है।

कई बार तो देखा गया है कि इन्हीं ठेलों व पटरी दुकानदारों की वजह ही नोक-झोंक होती हैं। इसलिए नगर निगम शहर के व्यस्ततम इलाकों को नॉन वेंडिंग जोन घोषित करने का मन बना रहा है। इसी के साथ एक वेंडिंग जोन एरिया भी बनाया जाएगा, जहां पर पटरी दुकानदार व ठेला वाले व्यवसाय कर सकेंगे। हालांकि निगम प्रशासन का मानना है कि इस प्रोजेक्ट को पूरी तरह से समझने के लिए देश के कई महानगरों के मॉडल का अध्ययन किया जा रहा है। दिल्ली, चंडीगढ़, कानपुर व लखनऊ समेत महानगरों से मॉडल मंगाया गया है।

…तो वेंडर्स कमेटी का भी होगा गठन

लोगों को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए निगम प्रशासन ने यह एक नायाब तरीका खोज निकाला है। हालांकि इसके निर्माण में अभी समय लगेगा। 20 से 25 दिन बाद निगम की वित्तीय बैठक होनी है। उसमें इस योजना को पास कराया जाएगा। इसके बाद शहर में वेंडर्स को स्थान आवंटित करने के लिए निगम प्रशासन संभवता वेंडर्स कमेटी का गठन भी करेगा।

वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन बनने से होंगे ये फायदे

  • शहर का सौंदर्य बढ़ेगा। ट्रेफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
  • रेहड़ी-ठेले वालों को घूमने की जरूरत नहीं होगी।
  • जरूरत का सामान एक ही स्थान पर मिलेगा।
  • छोटे बाजारों को डवलप होने का मौका मिलेगा।
  • रेहड़ी-ठेले, साप्ताहिक, मासिक बाजार के दुकानदारों से होने वाली सभी तरह की अवैध वसूली पर अंकुश लगेगा।

शहर में वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन बनाने का काम चल रहा है। महानगरों के मॉडल पर अध्ययन कर खाका तैयार किया जा रहा है। इसके निर्माण से जाम की समस्या काफी हद तक सुलझ जाएगी। आगामी बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव को पास कराया जाएगा…विशाल सिंह, नगर आयुक्त।

संबंधित समाचार