मुरादाबाद : नाले में मिला फर्मकर्मी का शव, सनसनी
मुरादाबाद, अमृत विचार। घर से दूध लाने के लिए निकले युवक का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पीतल फर्म में काम करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में भी युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। विसरा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। घर से दूध लाने के लिए निकले युवक का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पीतल फर्म में काम करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में भी युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। विसरा संरक्षित कर लिया गया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के बलदेवपुरी निवासी मूलचंद पीतल फर्म में काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी फूलचमन और दो बेटे शिवकुमार तथ आनंद कुमार हैं। बड़ा बेटा 22 वर्षीय शिवकुमार भी पीतल फर्म में काम करता था। पिता मूलचंद ने बताया कि बुधवार को शिवकुमार फर्म में ड्यूटी करके घर आया था। करीब सात बजे उसकी मां ने उसे दूध लाने के लिए दुकान पर भेज दिया। वह कृष्णा दूध भंडार पर गया था मगर वहां दूध खत्म हो गया था। दूध की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में उनका बेटा दिखाई दिया है।
इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात लोगों ने उसे विकसित इंटर कॉलेज के बराबर वाली गली में पड़ा देखा। वह औंधे मुंह नाली में पड़ा था। जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान करके लोगों ने परिजनों को सूचना दी। नाली में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां फूलचमन उसे लेकर साईं अस्पताल दौड़ी मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखकर पिता ने कटघर पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता ने शराब आदि पीने से भी इनकार किया है। पोस्टमार्टम के दौरान भी ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है।
इंस्पेक्टर कटघर ने बताया कि युवक के शरीर पर जाहिरा चोट का कोई निशान नहीं था। उसकी मौत का सच जानने के लिए गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। मगर फिर भी उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इस पर विसरा संरक्षित कर लिया गया है। विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
