चुनावी सीजन में 28 करोड़ की देसी व 5.50 करोड़ की अंग्रेजी शराब गटक गए अयोध्यावासी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जनपद में भी शराब पीने के शौकीनों की कमी नहीं है। यह सेहत के लिहाज से बेशक अच्छा न हो, लेकिन राजस्व के हिसाब से बहुत ही अच्छा है। ताजा आंकड़े अयोध्या जनपद के हैं, जहां आचार संहिता लगने के बाद जनपदवासियों ने दो माह में करोड़ों रुपये की शराब गटक ली। इसमें बीयर …

अयोध्या। जनपद में भी शराब पीने के शौकीनों की कमी नहीं है। यह सेहत के लिहाज से बेशक अच्छा न हो, लेकिन राजस्व के हिसाब से बहुत ही अच्छा है। ताजा आंकड़े अयोध्या जनपद के हैं, जहां आचार संहिता लगने के बाद जनपदवासियों ने दो माह में करोड़ों रुपये की शराब गटक ली। इसमें बीयर के शौकीन कहां पीछे रहने वाले थे।

उन्होंने भी प्रदेश के राजस्व को अच्छा योगदान देते हुए 2 करोड़ से अधिक का जौ रस पीया। इन आंकड़ों से यह साफ जाहिर है कि सियासी दलों ने चुनावी रण में सुरा वितरण में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। आबकारी विभाग के अनुसार 8 जनवरी से 2 मार्च तक शराब की बिक्री काफी अच्छी रही। इस दौरान न सिर्फ पियक्कड़ों की मौज रही बल्कि प्रदेश सरकार के राजस्व में भी अच्छा इजाफा हुआ है।

विभाग के अनुसार देसी शराब की सबसे अच्छी बिक्री हुई। दो महीने में 11 लाख 6 हजार 429 लीटर देसी शराब बेची गई, जिसका अनुमानित मूल्य 28 करोड़ 76 लाख 72 हजार बताया जा रहा है। वहीं अंग्रेजी शराब इसमें पीछे नहीं रही। अंग्रेजी शराब की 4 लाख 25 हजार 102 बोतल बिकी है, जिसका अनुमानित मूल्य 5 करोड़ 55 लाख 31 हजार बताया गया है। पीने के मामले में भला बीयर के शौकीन कहां पीछे रहने वाले थे। जनपद में दो माह के दौरान 6 लाख 79 हजार 362 बीयर केन की बिक्री हुई है, जिसका अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 22 लाख 80 हजार बताया जा रहा है।

जनपद में 80 अंग्रेजी व 218 देसी शराब की दुकान

अयोध्या जिले में अंग्रेजी शराब से कहीं ज्यादा देसी शराब की दुकानें हैं। विभाग के अनुसार जिले में देसी शराब की 218 दुकानें हैं, जबकि अंग्रेजी की महज 80 दुकानें ही हैं। 60 बीयर शॉप भी जनपद में हैं। इसके अलावा जिले में दो मॉडल शॉप व दो बार भी यहां मौजूद हैं।

12 हजार लीटर कच्ची शराब पकड़ी, 44 को जेल

जिले में आदर्श आचार संहिता के दौरान आबकारी विभाग ने जिले में अभियान चलाकर 31.26 लाख की 12 हजार 392 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। विभाग की तरफ से 196 केस दर्ज करते हुए 44 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विभाग की तरफ से 8 जनवरी से लेकर 2 मार्च तक 1357 जगहों पर छापे मारे गए। विभाग की टीमों ने 8 जनवरी से 2 मार्च तक अयोध्या, रूदौली, मिल्कीपुर, बीकापुर, गोसाईगंज, विधानसभाओं के 1331 स्थानों पर छापेमारी की।

आचार संहिता लगने के बाद आठ जनवरी से 2 मार्च तक करोड़ों रुपये की शराब की बिक्री हुई है। सबसे अधिक देसी शराब बिकी है। इस दौरान अभियान चलाकर भारी मात्रा में कच्ची शराब पकड़कर 44 आरोपियों को जेल भी भेजा गया है…अतुल चंद द्विवेदी, जिला आबकारी अधिकारी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: हे राम! मंदिर निर्माण वाला इलाका रामकोट तो कुछ और ही संकेत दे रहा

संबंधित समाचार