रायबरेली: मामूली विवाद में रिश्तों का कत्ल, भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी
रायबरेली। थाना क्षेत्र के सिटकिहा मजरे बकुलिहा गांव में शुक्रवार को मामूली विवाद में सगे बड़े भाई की गला घोट कर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे कनेर के पेड़ का मामूली झगड़ा बताया गया है। पुलिस ने हत्यारे छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा …
रायबरेली। थाना क्षेत्र के सिटकिहा मजरे बकुलिहा गांव में शुक्रवार को मामूली विवाद में सगे बड़े भाई की गला घोट कर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे कनेर के पेड़ का मामूली झगड़ा बताया गया है। पुलिस ने हत्यारे छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी लालगंज महिपाल पाठक भी पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया तथा घटना के बारे में ग्रामीणों से बातचीत की।
सिटकिहा मजरे बकुलिहा निवासी नरेश लोधी ने आरोप लगाया है कि मेरे पिता नत्थू लोधी (60 वर्ष) पुत्र स्व० ईश्वरदीन लोधी और मेरे चाचा श्यामलाल उर्फ कल्लू में जमीन के मामले को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था । शुक्रवार को मैं अपने पिता नत्थू लोधी के साथ खेत पर काम कर रहा था। तभी मेरे चाचा श्यामलाल उर्फ कल्लू अपने परिजनों के साथ खेत पर पहुंचे। चाचा श्यामलाल मेरे पिता नत्थू पर कनेर के पेड़ को काट डालने का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगे।

श्यामलाल ने मेरे खेतों के किनारे लगे कंटीले तारों की बाड़ के पोल उखाड़कर फेंकना शुरू कर दिया। मेरे मना करने पर चाचा श्यामलाल के साथ मेरा झगड़ा होने लगा तो मेरे पिता नत्थू लोधी ने बीच बचाव किया। इसी बीच मेरे चाचा श्यामलाल ने मेरे पिता नत्थू लोधी का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एम्बुलेंस से नत्थू को सीएचसी खीरों पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने श्यामलाल उर्फ कल्लू को हिरासत में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जिस तरह से वहां रिश्तो का कत्ल हुआ, इसे लेकर लोगों में श्यामलाल की तगड़ी आलोचना हो रही है।
..और कुछ ही देर में गमगीन हो गया है हंसी खुशी का माहौल
हत्या की इस घटना से गांव का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया है। कुछ देर पहले पिता पुत्र खेतों में प्रसन्नचित्त होकर अपना काम कर रहे थे। उन्हें सपने में भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि एक ही पल में माहौल वहां गमगीन हो जाएगा। मृतक के परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी हुई वह सदमे में आ गए। उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा भी हो सकता है। परंतु यह सच्चाई थी। जिसने भी सुना वह खेतों की तरफ दौड़ पड़ा। देखते ही देखते वहां सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
कुछ देर में पुलिस भी वहां पहुंच गई। इस घटना से मृतक की पत्नी सुंदरा, बेटे नरेश, राजकुमार, बेटी कमलेश कुमारी, सोनी, बहू नीलम व लक्ष्मी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जैसे ही कोई रिश्तेदार और परिचय उनके घर पहुंचता है रोने पीटने की आवाजें तेज हो जाती हैं।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: चौकी इंचार्ज की कार्यशैली से परेशान होकर जिला अस्पताल की सीएमएस ने सीएमओ से की शिकायत
