लखीमपुर खीरी: खेत से वापस लौट रहे युवक की लाठियों से पीटकर हत्या
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव खमरिया में शुक्रवार की देर रात एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या की वारदात से परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं घटना के बाद से गांव में तनाव बढ़ …
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव खमरिया में शुक्रवार की देर रात एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या की वारदात से परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं घटना के बाद से गांव में तनाव बढ़ गया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव खमरिया निवासी पूरन लाल का गांव के बाहर वीरबाबा मन्दिर के पास खेत है। पूरन ने बताया कि बड़ा पुत्र वीरू (21) शुक्रवार की शाम को खेत की देखभाल करने जा रहा था। रास्ते मे गांव के ही धीरू और मुनेजर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गयी। यह देख पुत्र वीरू रुक गया और दोनों पक्षों के बीच बचाव करने लगा। बीच बचाव के दौरान वीरू की मुनेजर से कहासुनी हो गयी। इसके बाद दोनों पक्ष चले गए।
वीरू भी अपने खेत पर चला गया। पिता पूरन ने बताया कि रात करीब नो बजे वीरू खेत से घर आ रहा था। गांव के किनारे मुनेजर, अखिलेश, अमित और शाहजहांपुर निवासी मुनेजर के दामाद ने वीरू को घेर लिया और उसे तब तक लाठियों से पीटते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गयी। हत्या करने के बाद आरोपी भाग निकले। सूचना पर पहुचे परिवार के लोग खून से लथपथ पड़ा शव देख विलख उठे। ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
‘रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।’
-विमल गौतम, प्रभारी निरीक्षक
