रायबरेली: डेढ़ फिट गहरे पानी में मिला अधेड़ का शव, परिजनों में मचा कोहराम
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र में मछली का शिकार करने गया अधेड़ डेढ़ फिट गहरे पानी में अचेत मिला है। बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई है। स्वजन इस घटना पर आशंका जता रहे है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। शुक्रवार की शाम चड़ौली गांव में संदिग्ध परिस्थितियों एक अधेड़ …
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र में मछली का शिकार करने गया अधेड़ डेढ़ फिट गहरे पानी में अचेत मिला है। बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई है। स्वजन इस घटना पर आशंका जता रहे है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
शुक्रवार की शाम चड़ौली गांव में संदिग्ध परिस्थितियों एक अधेड़ तालाब में डूब गया। स्वजनों ने उसे सीएचसी खीरों पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के छोटे भाई की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की पड़ताल शुरू कर दी है।
उक्त गांव निवासी शिवबोधन ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका बड़ा भाई श्रीपाल (52) शुक्रवार की शाम मछलियों का शिकार करने गांव के बाहर स्थित तालाब पर गया था। लेकिन रात हो जाने के बाद भी श्रीपाल जब घर नहीं पहुंचा तो स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान वह गांव से बाहर स्थित तालाब के किनारे थोड़े से पानी में बेहोशी की हालत में पड़े मिले। बेहोशी की हालत में उन्हें तत्काल सीएचसी खीरों पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन हालात नाजुक होने के कारण उन्हें लखनऊ भेज दिया गया।
परिजनों में कोहराम मच गया
स्वजन श्रीपाल को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी, बेटी आकांक्षा, अमीषा,गायत्री, बेटे अभिषेक, भाई शिवबोधन और अशोक कुमार सहित सभी स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के छोटे भाई द्वारा घटना की सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है कि डेढ़ फीट गहरे पानी में किस तरह अधेड़ डूबा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की वास्तविकता सामने आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डेढ़ फीट गहरे पानी में डूबने की बात को लेकर हर कोई घटना पर संदेह जता रहा है। मृतक के स्वजनों व पुलिस को इस बात की आशंका है कि कोई 52 वर्ष का अधेड़ डेढ़ फीट गहरे पानी में कैसे डूब सकता है । इस कारण स्वजन श्रीपाल की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं। पुलिस व मृतक के स्वजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।
