झांसी: एनएचएम की स्वीकृत राशि खर्च न होने पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी मंडलायुक्त डॉ. अजय कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वीकृत धनराशि मंडल के तीनों ही जनपदों में अपेक्षा के अनुरूप खर्च न होने पर शनिवार को कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और तीनों जिलों के मुख्यचिकित्सा अधिकारियों को फटकार लगायी। एनएचएम के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति …
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी मंडलायुक्त डॉ. अजय कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वीकृत धनराशि मंडल के तीनों ही जनपदों में अपेक्षा के अनुरूप खर्च न होने पर शनिवार को कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और तीनों जिलों के मुख्यचिकित्सा अधिकारियों को फटकार लगायी। एनएचएम के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैठक में आज मंडलायुक्त ने जाना कि इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यों के लिए जो धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है उसका भी व्यय मंडल के तीनों जनपदों झांसी, ललितपुर और जालौन में नहीं हो पाया है।
इस मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विभिन्न मदों में स्वीकृत धनराशि का व्यय वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक पूरा नहीं करने पर उत्तरदायी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। एनएचएम के अन्तर्गत स्वीकृत आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों को हैल्थ एण्ड वैलेनेंस सेन्टर/आरोग्य केन्द्र के रुप में स्थापित किये जाने के मद में कम व्यय पाये जाने पर मंडलायुक्त ने कहा कि जिलाधिकारी अपने स्तर पर सभी स्वीकृत मदों की मदवार समीक्षा करें तथा संबंधित अधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य बांटे और वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक सभी मदों में व्यय सुनिश्चित करायें।
मंडलायुक्त ने कहा कि माह फरवरी तक स्वीकृत लेखा मदों में से आधे से अधिक लेखा मदों में अब तक व्यय नहीं किया गया है।
सभी सीएमओ अपने संबंधित अधिकारियों के साथ त्वरित गति से विशेष कार्ययोजना तैयार कर लम्बित गतिविधियों का क्रियान्वयन करायें जो नोडल अधिकारी अपने कार्यों में रूचि नहीं ले रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजें। जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने स्तर पर विशेष वित्तीय समीक्षा कर जनपद स्तर पर ऐसी कार्ययोजना तैयार करायें ताकि स्वीकृत सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले ही हो सके साथ ही इसकी साप्ताहिक समीक्षा करें।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिये हैं कि मण्डलीय अधिकारी जनपदों में भ्रमण कर व्यय के नियोजन में तकनीकी सहयोग प्रदान करें इसके लिए उन्होंने संयुक्त निदेशक डा. रेखारानी व डा. आर.के. सोनी को जनपदीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने को कहा। मण्डलीय परियोजना प्रबंधक एनएचएत आनन्द चौबे को साप्ताहिक वित्तीय सूचनाओं के प्रस्तुतिकरण का दायित्व सौंपा है।
यह भी पढ़ें:-भारत की मिश्रित और महिला युगल जोड़ी ने डब्ल्यूटीटी कंटेडर मस्कट में रजत पदक जीते
