पीलीभीत: परिजन ने विद्यालय प्रबंधन को बताया बेटे की मौत का जिम्मेदार
बीसलपुर, अमृत विचार। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र द्वारा हॉस्टल में फंदा लगाकर खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आया है। परिजन ने बेटे की मौत के पीछे विद्यालय प्रबंधन की प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है। संगीन आरोप लगाते हुए पिता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने फिलहाल अभी रिपोर्ट …
बीसलपुर, अमृत विचार। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र द्वारा हॉस्टल में फंदा लगाकर खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आया है। परिजन ने बेटे की मौत के पीछे विद्यालय प्रबंधन की प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है। संगीन आरोप लगाते हुए पिता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने फिलहाल अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
लखीमपुर खीरी जनपद के कस्बा मोहम्मदी के रहने वाले संजय कुमार वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनका बेटा आशीष कुमार (16) जवाहर नवोदय विद्यालय शिवपुरी नवदिया में कक्षा 11 का छात्र था। उसका प्रवेश विद्यालय में साल 2021 में कराया गया था। 15 फरवरी को दोपहर करीब पौन बजे बड़े बेटे के मोबाइल पर कॉल आई। जिसमें सूचना दी गई थी कि आशीष की मौत विद्यालय में हो गई है। इस पर जब परिवार के अन्य सदस्यों संग पहुंचे तो बेटे आशीष का शव हॉस्टल में पंखे के कुंडे के सहारे फंदे पर लटका मिला। उनके पहुंचने के बाद पुलिस में बेटे के शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम कराया।
आरोप है कि बेटे आशीष के पास सैमसंग कंपनी का मोबाइल था। उसे घटना से तीन दिन पहले स्कूल के काउंसलर ने अपनी कस्टडी में ले लिया था। मोबाइल लेने की कोई सूचना विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें नहीं दी गई थी। दूसरे दिन बेटे आशीष ने इसकी जानकारी दी थी। इस पर एक-दो दिन में विद्यालय आकर बात करने को कह दिया था। मगर, वह जब तक मोबाइल को लेकर बात करने पहुंचते तीसरे दिन ही मेरे बेटे की मौत की सूचना मिल गई। आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा बेटे का उत्पीड़न किया जा रहा था। इसी में उसकी जान चली गई। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
