पीलीभीत: कानपुर देहात के जालसाज उड़ाते थे खातों से मेहनत की कमाई, पुलिस ने दो जालसाजों को किया गिरफ्तार
पीलीभीत, अमृत विचार। मोबाइल पर कॉल कर झांसा देकर लोगों के बैंक खाते में जमा मेहनत की कमाई कानपुर देहात के जालसाज उड़ा रहे थे। गिरोह बनाकर जालसाजी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। साइबर सेल की मदद से अमरिया पुलिस ने दो जालसाजों को गिरफ्तार किया। पूर्व में हुई एक वारदात से …
पीलीभीत, अमृत विचार। मोबाइल पर कॉल कर झांसा देकर लोगों के बैंक खाते में जमा मेहनत की कमाई कानपुर देहात के जालसाज उड़ा रहे थे। गिरोह बनाकर जालसाजी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। साइबर सेल की मदद से अमरिया पुलिस ने दो जालसाजों को गिरफ्तार किया। पूर्व में हुई एक वारदात से जुड़ी नकदी भी बरामद की गई। घटना का खुलासा कर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
तराई में पिछले कुछ समय से साइबर क्राइम में बढ़ोत्तरी हुई है। खासकर खुद को बैंक या फिर अन्य विभाग का अधिकारी बताते हुए कॉल करने के बाद जालसाजों द्वारा खाते से जानकारी जुटाई जाती है। उसके बाद खाते में जमा रकम पर हाथ साफ किया जाता है। अधिकांश शिकायतों में तो एफआईआर भी दर्ज नहीं हो पाती।
बीते कुछ समय से पुलिस विभाग की ओर से साइबर क्राइम पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच अमरिया क्षेत्र के में पिता-पुत्र के खातों से 6.79 लाख रुपये उड़ा लिए गए थे। अन्य घटनाएं भी प्रकाश में आईं थी। इन पर एसपी दिनेश कुमार पी ने एफआईआर दर्ज कराई। फिर साइबर सेल की मदद से अमरिया पुलिस छानबीन में जुट गई थी। इसके बाद सफलता भी मिली है।
पुलिस ने दो जालसाज कानपुर देहात जिले के थाना अकबरपुर क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी अनूप यादव पुत्र रमेश चंद्र और संदीप कुमार पुत्र सुंदरलाल को धर दबोचा। इनके कब्जे से टीम ने चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, दो मोबाइल और 20 हजार रुपये बरामद किए। दोनों को पूछताछ के बाद चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया है। धरपकड़ करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी अनुज कुमार यादव, अमरिया इंस्पेक्टर वीरेश कुमार, दरोगा नरेश कुमार, अंकुर राठौर, अनुज कुमार, अंकित, राहुल पांचाल, प्रवीण कुमार आदि थे।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: नर्तकियां बुलाकर कराया अश्लील डांस, खुशी में किए फायर
