सीतापुर: युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत, पुलिस पर लगा पिटाई का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली इलाके में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चर्चा है कि चोरी के इल्जाम में पुलिस ने पकड़ कर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई और आरोपों से बचने के लिए पुलिस ने इस मामले की तहरीर मनमाफिक बनवा ली। हालांकि पुलिस …

सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली इलाके में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चर्चा है कि चोरी के इल्जाम में पुलिस ने पकड़ कर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई और आरोपों से बचने के लिए पुलिस ने इस मामले की तहरीर मनमाफिक बनवा ली।

हालांकि पुलिस इन आरोपों को बेबुनिया बता रही है। मृतक की पत्नी ने तीन अन्य लोगों पर चोरी के इल्जाम में पिटाई का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। दरअसल मूलत: बिजौली निवासी पैंतीस वर्षीय इतवारी गुप्ता पुत्र कल्लू मौजूदा समय में मिश्रिख में परिक्रमा मार्ग पर रहता था।

इतवारी की रविवार की रात को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूत्रों का कहना है कि इतवारी को एक आश्रम के पास साइकिल चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने पकड़ा था। जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया था।

सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने थाने ले जाकर इतवारी को बेरहमी से पीटा। जब उसकी हालत बिगड़ी तो उसके झोपड़ी वाले घर के पास छोड़ दिया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। कहा जा रहा है कि इन आरोपों से बचने के लिए मृतक के परिवार पर दबाव डाल कर तहरीर मनमाफिक करा दी। हालांकि पुलिस इन आरोपों को पूरी तरह गलत बता रही है।

अब इस मामले में मृतक की पत्नी रूपा ने तहरीर दी है। तहरीर में उसने नेमचंद, प्रकाश व धर्मदास सहित कुछ अन्य लाेगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में मृतक की पत्नी इन लोगों पर चोरी के आरोप में अपने पति की पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

क्या बोले, एएसपी

एएसपी दक्षिणी एनपी सिंह का कहना है कि पांच मार्च शाम को रात आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि धर्मदास बाबा के आश्रम से साइकिल चोरी हुई है। एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा गया है। इस पर दो आरक्षी गए। पता चला कि साइकिल चोरी हुई है, लेकिन बरामद नहीं हुई। लेकिन वहां से नेमचंद यादव, धर्मदास बाबा आदि लोगों ने इतवारी की पिटाई की। हल्की चोटे थीं।

इतवारी को थाने लाया गया था। पूछताछ की गई तो बताया कि साइकिल चोरी नहीं की है। उनको उक्त लोगों ने पीट दिया था। इस पर इतवारी को सीएचसी भेजा गया। कोई जाहिरी चोट नहीं थी। इतवारी ने पुलिस से कहा कि वह घर जाना चाहता है, कार्रवाई नहीं चाहता। इस पर आरक्षियों ने इतवारी को घर भेज दिया।

सुबह आठ बजे इतवारी की पत्नी ने थाने आकर सूचना दी कि रात को लगभग छह बजे उनकी मौत हो गई। उनको नेमचंद व प्रकाश आदि ने उनकी पिटाई की थी। मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाए। एएसपी ने बताया कि इस पर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नामजद एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है।

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद : भट्टे पर मिट्टी लाते समय ट्रैक्टर पलटा, किशोर की मौत

संबंधित समाचार