रुद्रपुर: यार ने ही यार की बेदर्दी से ले ली जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप से लापता युवक का पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र से शव बरामद किया है। पुलिस के अनुसार युवक के दोस्त ने रंजिशन उसकी हत्या की थी। मामले का खुलासा जांच में लापता युवक को अंतिम बार आरोपी दोस्त के साथ देखे जाने की सूचना के बाद हुआ। …

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप से लापता युवक का पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र से शव बरामद किया है। पुलिस के अनुसार युवक के दोस्त ने रंजिशन उसकी हत्या की थी। मामले का खुलासा जांच में लापता युवक को अंतिम बार आरोपी दोस्त के साथ देखे जाने की सूचना के बाद हुआ। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट हत्या में दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सोमवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि दो मार्च को मूल ग्राम मसीहाबार थाना मीरगंज जिला बरेली हाल निवासी राजा कॉलोनी थाना ट्रांजिट कैंप मोहन देई ने थाने में आकर बताया कि 28 फरवरी से उनका 25 वर्षीय बेटा अमित लापता है। उन्होंने ट्रांजिट कैंप निवासी रोहित सरकार पर अपहरण का आरोप लगाया।

पुलिस ने जांच शुरू की तो अमित को अंतिम बार रोहित के साथ बुलेट पर जाता हुआ देखा गया था। पुलिस ने रोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि अमित को अपनी बुलेट से उसके घर से बुलाकर पूर्व नियोजित तरीके से मेडिसिटी अस्पताल होते हुए खानपुर नई बस्ती थाना बिलासपुर जिला रामपुर में प्रकाश के घर के पीछे नाले के पास खेत में ले गया था।

जहां उसने अपने दोस्तों प्रकाश, नंदू व गोविंद के साथ मिलकर शराब पी और मौका देखकर एक रस्सी से अमित का गला घोंट दिया। रोहित सरकार ने कुल्हाड़ी से अमित के सिर व छाती में चोट मारकर हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या में तरमीम कर दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम में निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसआई विजय सिंह, मनोज कुमार, कौशल भाकुनी व धीरज टम्टा, कांस्टेबल राकेश खेतवाल, दिनेश चंद्र, जगमोहन गौड़, जय कुमार, नीरज भोज व नरेश जोशी शामिल थे।

नग्नावस्था में दफनाया शव
रुद्रपुर। पुलिस के अनुसार रोहित ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मृतक अमित के कपड़ों को योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने वाले स्थान से लगभग 25 कदम दूर ले जाकर दफना दिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, रस्सी और फावड़े को वहीं पर झाड़ियों में छिपा दिया था। इसके बाद यह लोग अपने-अपने घर चले गये। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बिलासपुर पुलिस के साथ मिलकर आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया।

शव को गलाने के लिए पहले ही खरीद लिया था नमक
रुद्रपुर। रोहित ने पूछताछ में बताया कि उसने हत्या से पूर्व ही अपने दोस्त नंदू के साथ जाकर गांव के एक किराना दुकान से पांच नमक की थैली भी खरीदी थी। शव को दफनाने के वक्त उसमें नमक डाल दिया। जिससे शव जल्दी से गल जाए और इसकी भनक किसी को न लगे। साथ ही गड्ढे पर कूड़े का ढेर भी लगा दिया। जिससे खोदी हुई ताजा मिट्टी किसी को न दिखाई दे।

संबंधित समाचार