लखनऊ: होली से पहले गोदामों में सुरक्षित पहुंच गया टैक्स चोरी का माल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी के दौरान टैक्स चोरी के धंधे में लगे व्यापारियों ने जमकर फायदा उठाया। इस दौरान व्यापारियों ने होली के लिए राजधानी के गोदामों में टैक्स चोरी का माल सुरक्षित पहुंचा दिया। अब गोदामों से व्यापारियों की दुकानों और शोरूम पर छोटी गाड़ियों …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी के दौरान टैक्स चोरी के धंधे में लगे व्यापारियों ने जमकर फायदा उठाया। इस दौरान व्यापारियों ने होली के लिए राजधानी के गोदामों में टैक्स चोरी का माल सुरक्षित पहुंचा दिया। अब गोदामों से व्यापारियों की दुकानों और शोरूम पर छोटी गाड़ियों से माल पहुंचाया जा रहा है। चुनाव ड्यूटी से वापस लौटने के बाद अब सचल दल के अधिकारी रोड चेकिंग पर निकल रहे हैं तो उन्हें सड़क पर गाड़ियां ही ढूंढे नहीं मिल रही हैं।
होली के त्योहार पर बाजारों में रेडीमेड गारमेंट, कपड़े, होजरी का सामान, फैंशी आइटम, खाद्य सामग्री आदि की मांग बढ़ जाती है। इसके लिए व्यापारी एक महीना पहले ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, आसाम, महाराष्ट, कोलकाता आदि राज्यों से माल मंगाने की तैयारी शुरू कर देते हैं। टैक्स चोरी के धंधे में लगे व्यापारी बिना ई वे बिल के माल मंगाकर वाणिज्य कर विभाग को जीएसटी का चूना लगाते हैं।
इस बार प्रदेश में वाणिज्य कर विभाग की सचल दल इकाइयों के अधिकारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी रही। यहां तक कि उनके वाहन भी चुनाव ड्यूटी के लिए चले गए। जिससे अधिकारी सड़क पर माल लाने वाले वाहनों की जांच नहीं कर पाए। इस बात का फायदा उठाते हुए टैक्स माफिया ने प्रदेश में बिना ई वे बिल के बड़े पैमाने पर माल मंगाकर गोदामों में डम्प कर लिया। अब त्योहार नजदीक आते ही दुकानदारों के शोरूम और दुकानों पर छोटी गाड़ियों से टैक्स चोरी का माल पहुंचाया जा रहा है।
एसआईबी जांच में मिलेगा करोड़ों की टैक्स चोरी का माल
गोदामों में डम्प टैक्स चोरी के माल पर वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा एसआईबी जांच करती है। प्रदेश में चुनाव आचार संहिता के बीच अधिकारी व्यापारियों के प्रतिष्ठान और गोदामों की जांच से बच रहे हैं। यदि डिस्ट्रीब्यूटर से लेकर ट्रांसपोर्टरों के गोदामों की एसआईबी जांच की जाएगी तो मौके से करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का माल बरामद हो सकता है।
ट्रांसपोर्टर और व्यापारियों के गोदामों पर निगरानी रखी जा रही है। जल्द ही एसआईबी और सचल दल इकाइयों के अधिकारी गोदामों पर छापेमारी कर टैक्स चोरी का माल पकडेंगे…केके उपाध्याय, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन, एसआईबी।
यह भी पढ़ें:-खान, उनकी पत्नी व सेना के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान के मामले में गिरफ्तार व्यक्ति को जमानत मिली
