मतगणना स्थल के निकट लगाये जायें मोबाइल जैमर: सपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये दस मार्च को होने वाली मतगणना में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त करते हुये चुनाव आयोग से मतगणना स्थल के निकट मोबाइल जैमर लगाने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये दस मार्च को होने वाली मतगणना में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त करते हुये चुनाव आयोग से मतगणना स्थल के निकट मोबाइल जैमर लगाने की मांग की है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि सभी जिलों में मतगणना स्थल के आसपास मोबाईल फोन के अत्यधिक दुरुपयोग होने और किसी प्रकार की हैकिंग होने की आशंका है। इस लिये सभी मतगणना स्थल के निकट मोबाइल जैमर लगाया जाए ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न हो सके।

उन्होने आरोप लगाया कि सपा प्रत्याशी के मतगणना अभिकर्ता बनाने में कई जिलों के रिटर्निंग ऑफिसर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी सत्तापक्ष के दबाव में मतगणना अभिकर्ता का ‘पुलिस वेरीफिकेशन‘ करवाने की बात कहकर मतगणना अभिकर्ता बनाने में टालमटोल तथा विलम्ब कर रहे हैं, जबकि आयोग ने मतगणना अभिकर्ता बनाने में ‘पुलिस वेरीफिकेशन‘ कराने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। इससे चुनाव प्रभावित हो रहा है तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न होने पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।

श्री पटेल ने चुनाव आयोग से मांग की कि मतगणना अभिकर्ता बनाये जाए तथा ‘पुलिस वेरीफिकेशन‘ कराने वाले रिटर्निंग ऑफिसर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाय।

यह भी पढ़ें: कानपुर: कारोबारी के आवास, प्रतिष्ठान व गोदाम पर आयकर का छापा, तीन लॉकर सीज

संबंधित समाचार