उत्तराखंड: सुबह आठ बजे से 13 जिलों के 14 स्थलों पर शुरू होगी मतगणना, 632 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
हल्द्वानी/देहरादून, अमृत विचार। आखिर वह वक्त आ गया, जिसका इंतजार हर कोई कर रहा है। राज्य की पांचवीं विधानसभा के लिये 632 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा गुरुवार सुबह से खुलेगा, इसके लिये तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी 13 जिलों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जायेगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट …
हल्द्वानी/देहरादून, अमृत विचार। आखिर वह वक्त आ गया, जिसका इंतजार हर कोई कर रहा है। राज्य की पांचवीं विधानसभा के लिये 632 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा गुरुवार सुबह से खुलेगा, इसके लिये तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी 13 जिलों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जायेगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम खोली जायेंगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी सौजन्या ने बताया कि राज्य में 14 मतगणना स्थलों पर सभी 70 विधानसभाओं के लिये 907 टेबल लगाई गई हैं। चंपावत जिले में दो मतगणना स्थल हैं। पोस्टल बैलेट की गणना के लिये कुल 389 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना के कार्य के लिये राज्य में 7681 कार्मिकों को लगाया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र के लिये आयोग की ओर से एक प्रेक्षक की नियुक्ति की गई है। प्रेक्षकों की मंजूरी के बाद ही हर चक्र का परिणाम आयोग को भेजा जायेगा। आठ कंपनी अर्द्धसैनिक बल, 14 कंपनी पीएसी व तकरीबन साढ़े छह हजार पुलिसकर्मी मतगणना कार्य की सुरक्षा में लगाये गये हैं।
सबसे पहले आयेंगे खटीमा व सितारगंज विधानसभा के नतीजे
सबसे पहले खटीमा व सितारगंज विधानसभा के नतीजे आयेंगे। इन विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना का कार्य दस-दस चक्र में पूरा हो जायेगा। हरिद्वार जिले के भगवानपुर, झबरेड़ा, ज्वालापुर, रुड़की विधानसभाओं में मतगणना 22 चक्रों में पूरी होगी।
पोस्टल बैलेट की गिनती के 30 मिनट बाद शुरू होगी ईवीएम की गणना
सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके लिए सुबह 7:59 बजे तक डाक मतपत्र जमा होंगे। डाक विभाग की रिपोर्ट के बाद इनकी गणना होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राज्य में 94471 सर्विस मतदाताओं, निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को 54996, 80 वर्ष से ऊपर के मतदाताओं को 16858 पोस्टल बैलेट भेजे गये थे, जिसमें नौ मार्च तक आयोग को क्रमश: 42110, 49264, 15940 पोस्टल बैलेट प्राप्त हो चुके हैं।
डबल वैक्सीन डोज का प्रमाण पत्र होना जरूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतगणना स्थल पर कोविड वैक्सीन की डबल डोज लगाने वालों को ही प्रवेश दिया जायेगा। प्रवेश से पहले प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।
विजय जुलूस पर रहेगा प्रतिबंध
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया, मतगणना के बाद विजय जुलूस पर सख्ती से प्रतिबंध रहेगा। विजयी प्रत्याशियों को पुलिस सुरक्षा में घर तक छोड़ने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिये गये हैं।
