अयोध्या में 23 लाख की कीमत का दो कुंतल गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सोहावल/अयोध्या। एसटीएफ और इलाकाई पुलिस के एक साझा आपरेशन के तहत रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। संयुक्त आपरेशन में एसटीएफ और पुलिस ने एक डीसीएम में अदरक की बोरियों में छिपा कर ले जाए जा रहे करीब 23 लाख रुपये की कीमत का दो कुंतल गांजा …
सोहावल/अयोध्या। एसटीएफ और इलाकाई पुलिस के एक साझा आपरेशन के तहत रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। संयुक्त आपरेशन में एसटीएफ और पुलिस ने एक डीसीएम में अदरक की बोरियों में छिपा कर ले जाए जा रहे करीब 23 लाख रुपये की कीमत का दो कुंतल गांजा बरामद किया है।
इस दौरान मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस बड़े खुलासे के बाद एसटीएफ पूरे रैकेट की तलाश में जुट गई हैं। भारी मात्रा में बरामद गांजा पड़ोसी जनपद गोण्डा ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की आपूर्ति उड़ीसा से की गई थी। रविवार को रौनाही थाने में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया अवैध गांजे को खरीद फरोख्त के जरिये उड़ीसा से गोण्डा आपूर्ति के लिए ले जाने की सूचना मिली थी।
इस सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम के साथ फोर्स एलर्ट हो गई। रविवार को एसटीएफ और पुलिस ने अपना जाल अरकुना पुल के पास बिछा दिया। यही से गोण्डा के लिए रास्ता नवाबगंज होकर गया है। एसपी ने बताया चेकिंग अभियान के दौरान डीसीएम संख्या जीजेएक्स 08159 को रोका गया। फोर्स द्वारा तलाशी ली गई तो अदरक के बोरों में बंद 210 किलो 6 सौ ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन सहित दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी रोहित कुमार गौतम पुत्र राम आधार व कैलाश पुत्र लालता निवासी ग्राम गोधना थाना पवई जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। इनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दोनों तस्करों रिमांड के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कुछ और नाम कबूले हैं। उन्होंने बताया कि अन्य तस्करों अकरम पुत्र वार मोहम्मद निवासी ग्राम पिपरा अदाई गोण्डा, सरफराज पुत्र अज्ञात, मेराज पुत्र अज्ञात और भागवत वर्मा पुत्र अज्ञात की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। इन सभी को तस्कर गिरोह का सदस्य बताया गया है। प्रेसवार्ता के दौरान एसएचओ रौनाही शमशेर बहादुर सिंह मौजूद रहे।
पूरे रैकेट का पता लगाने में जुटी एसटीएफ : बड़े पैमाने पर हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के पूरे रैकेट का पता लगाने में एसटीएफ जुट गई हैं। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के आधार पर उड़ीसा और गोण्डा पुलिस को एलर्ट किया गया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि गांजे की तस्करी का यह रैकेट लम्बे अर्से से चल रहा था। एसपी ने बताया कि फरार आरोपियों के यहां दबिश के लिए टीमें भेज दी गई हैं। वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है इस रैकेट का मास्टरमाइंड कौन है और रैकेट का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
उड़ीसा से अयोध्या तक क्या नहीं हुई चेकिंग : भारी मात्रा में मिला गांजा उड़ीसा से अदरक की बोरियों में भर कर ले जाया जा रहा था, सवाल यह है कि करीब 950 किलोमीटर के दौरान कहीं किसी बैरियर पर चेकिंग नहीं हुई, या पुलिस को भनक नहीं लगी कि अदरक की बोरियों में गांजा है। एसटीएफ टीम उड़ीसा का लिंक भी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: मिल को किसानों की ओर से नहीं मिल रहा गन्ना, 16 मार्च से संचालन होगा बंद
