अयोध्या: सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की हुई मौत, साइकिल सवार को बचाने के फेर में हुई दुर्घटना
अयोध्या। कोतवाली बीकापुर अन्तर्गत रामनगर में हाइवे पर रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा हुआ जब बाइक से जा रहे दोनों भाई एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में संतुलन खो बैठे और ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे को लेकर परिवार वालों …
अयोध्या। कोतवाली बीकापुर अन्तर्गत रामनगर में हाइवे पर रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा हुआ जब बाइक से जा रहे दोनों भाई एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में संतुलन खो बैठे और ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे को लेकर परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। दोनों भाई सुल्तानपुर के धनपतगंज के अमऊ जासरपुर के रहने वाले थे।
इस दुर्घटना की सूचना पाकर बहन के गांव तेंदुआ माफी में कोहराम मच गया है। दोनों भाई अपनी बहन के यहां से घर लौट रहे थे। दुर्घटना बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर के पास दिन में करीब 3:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार बीकापुर से सुल्तानपुर की ओर जा रही बाइक संख्या यूपी 44 बीजी 0359 पर सवार दो सगे भाई सचिन पुत्र बंटी उम्र करीब 19 वर्ष और अन्नू पुत्र बंटी उम्र करीब 12 वर्ष रामनगर चौकिया पर साइकिल सवार को बचाने के बाद अनियंत्रित होकर बाइक से गिर पड़े।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज गति की ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। जिससे दोनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने आनन-फानन में दुर्घटना के दोनों भाइयों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया। जहां सूचना पाकर मृतक भाइयों के परिजन व रिश्तेदारों का स्वास्थ्य केंद्र पर जमावड़ा लग गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वही दुर्घटना करने वाली ट्रक के बाबत कोई जानकारी नहीं प्राप्त हुई है। स्थानीय पुलिस ने दावा किया है कि छानबीन की जा रही है। दोषी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़े: संभल : मेंथा फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
