अमरोहा : आदमपुर में महिला की बेरहमी से हत्या, बंद घर में खून से लथपथ मिला शव
ढवारसी /आदमपुर/अमरोहा/अमृत विचार। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव खरपड़ी में धारदार हथियार से सिर पर वार कर महिला की हत्या कर दी। शव खून से लथपथ बंद घर में पड़ा मिला। सूचना पाकर थाना प्रभारी और सीओ ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पहुंचे …
ढवारसी /आदमपुर/अमरोहा/अमृत विचार। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव खरपड़ी में धारदार हथियार से सिर पर वार कर महिला की हत्या कर दी। शव खून से लथपथ बंद घर में पड़ा मिला। सूचना पाकर थाना प्रभारी और सीओ ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पहुंचे विधायक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते हुए दोषी को जल्द सलाखों के पीछे भिजवाने का आश्वासन दिया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव खरपड़ी निवासी धीर सिंह पुत्र भूप सिंह की शादी पांच वर्ष पूर्व थाना धनारी के गांव धतरा से सत्यदेव की बेटी ऊषा 25 वर्षीया से हुई थी। पति धीर सिंह के मुताबिक गत 12 मार्च की शाम करीब सात बजे खाना खाकर प्रतिदिन की भांति वह खेत की रखवाली के लिए चला गया था। रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वह खेत से घर पर आया तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उसने अपनी पत्नी ऊषा को गेट पर खड़े होकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से किसी तरह की कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद धीर सिंह अपने पड़ोसी के घर से होकर छत पर गया और उसने जाल से देखा कि उसकी पत्नी ऊषा खून से लथपथ घर के आंगन में पड़ी हुई थी। जीने का दरवाजा भी खुला हुआ था।
धीर सिंह ने अपनी ससुराल में फोन कर घटना की जानकारी दी। मृतका की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर आदमपुर पुलिस और सीओ हसनपुर ने घटना की बारीकी से जानकारी की। सूचना पर हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि इस घटना में जो भी दोषी होगा, उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भिजवाया जाएगा। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतका ने अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़े हैं। हसनपुर सीओ सतीश चंद्र पांडे ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव खरपड़ी में विवाहिता की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टि हत्या का मामला सामने आया है, पुलिस टीम जांच में जुटी है। जल्द से जल्द हत्या का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : भाई से विवाद के बाद किशोरी ने खाया जहर, मौत
