लखनऊ: चढ़ते पारे के साथ बढ़ने लगी कूलर, एसी और फ्रिज की मांग, बुकिंग के एक महीने के बाद मिल रही डिलीवरी
लखनऊ। अभी होली भी नहीं हुई है और चढ़ते पारे के चलते एसी, कूलर और पंखें की मांग राजधानी में बढ़ने लगी है। एसी, कूलर, फ्रिज जैसे उपकरणों की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार का रुख करने लगे हैं। इस मांग को देखते हुए व्यापारियों के चेहरे जहां खिलने शुरू हो गए हैं वहीं महंगे …
लखनऊ। अभी होली भी नहीं हुई है और चढ़ते पारे के चलते एसी, कूलर और पंखें की मांग राजधानी में बढ़ने लगी है। एसी, कूलर, फ्रिज जैसे उपकरणों की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार का रुख करने लगे हैं। इस मांग को देखते हुए व्यापारियों के चेहरे जहां खिलने शुरू हो गए हैं वहीं महंगे उपकरणों के चलते ग्राहकों को अपना बजट देखना पड़ रहा है।
कोरोना संक्रमण की ठंडी पड़ती लहर के साथ इन उपकरणों की मांग बढ़ी है। व्यापारियों के अनुसार इस बार इनकी बुकिंग कर सामान की डिलीवरी की जाएगी। कोरोना के चलते इन उपकरणों का निर्माण बंद रहा। दिसम्बर से निर्माण शुरू हुआ है।
व्यापारियों के अनुसार कोरोना के चलते पिछले दो वर्षों में कूलर, एसी, फ्रिज और पंखें का कारोबार 50 प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गया था। राजधानी में जहां कोरोना संक्रमण से पहले रोजाना 800 एसी बिक रहे थे। कोरोना संक्रमण के दौरान इनकी संख्या 300 तक पहुंच गई थी। लेकिन इस बार बाजार इसकी मांग बढ़ रही है। अनुमान है कि इस बार गर्मी में एसी, पंखों और फ्रिज का कारोबार एक बार फिर से रोजाना पांच करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। लोग अभी से इन उपकरणों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं।
इसी तरह से राजधानी में फ्रिज की बिक्री भी अब रोजाना एक हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। कोरोना के दौरान इनकी संख्या 400 तक रह गई थी। टेबल और सीलिंग पंखें की बिक्री भी अब रोजाना एक हजार तक और कूलर की बिक्री दो हजार रोजाना पहुंच जाएगी। व्यापारियों के अनुसार कोरोना के समय इन उपकरणों का कारोबार करने वाले तकरीबन 150 से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताला पड़ गया था।
पंखे, फ्रिज और एसी सभी के दाम बढ़े
इंदिरा नगर व्यवसाई नितिन बताते है कि गर्मी को देखते हुए अधिकांश व्यापारियों ने पहले से ही स्टॉक बना रखा है। इस बार बेहतर मार्केट की उम्मीद है। लेकिन इस बार पंखे से लेकर एसी तक के दामाें में दस प्रतिशत का इजाफा हो सका है। डेढ़ टन के एसी के लिए इस बार खासी मारा मारी होगी। सबसे अधिक डिमांड इसी की होती है। एक अन्य व्यापारी लोकेश के अनुसार पंखें और कूलर के दामों में 12 से 15 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। स्टार रेटिंग डेढ़ टन वाले ब्रांडेड स्पिलिट एसी की कीमत 45 हजार से ऊपर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: बाजार में 2800 किलोग्राम खराब दाल खपाने की थी तैयारी, एफएसडीए की छापेमारी में हुआ खुलासा
