रामपुर : पुराना गंज में होली पर मतकटे दूल्हा की बारात को लेकर तैयारियां शुरू
रामपुर, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला पुराना गंज स्थित हरिहर मंदिर से होली पर निकलने वाली मतकटे दूल्हा की बारात को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सतखसमी मतकटी परिषद के तत्वावधान में मतकटे दूल्हा की बारात धूमधाम से निकलेगी। बारात में दूल्हे के बैठने के लिए गधे को ढूंढने और लालटेन से आरती उतारने …
रामपुर, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला पुराना गंज स्थित हरिहर मंदिर से होली पर निकलने वाली मतकटे दूल्हा की बारात को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सतखसमी मतकटी परिषद के तत्वावधान में मतकटे दूल्हा की बारात धूमधाम से निकलेगी। बारात में दूल्हे के बैठने के लिए गधे को ढूंढने और लालटेन से आरती उतारने की जिम्मेदारी अलग-अलग लोगों को सौंपी गई है। इस अवसर पर मतकटों के अध्यक्ष की ताजपोशी भी होगी।
हरिहर मंदिर में सोमवार को सतखसमी मतकटी परिषद के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में तय हुआ कि परंपरागत तरीके से इस साल भी सतखसमी मटकटी परिषद की ओर से मतकटे दूल्हा की बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। रामअवतार पाल ने कहा कि इस अवसर पर मटकटा अध्यक्ष की ताजपोशी भी होगी। इसके अलावा कठपुतली शो, फैंसी ड्रेस, होली गीतों पर डांस एवं हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
स्टेज शो से पूर्व मतकटों के अध्यक्ष को दूल्हा बनाकर गधे पर बैठाकर बारात निकाली जाएगी। उन्होंने दूल्हे के लिए गधा ढूंढने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंप दी है। क्योंकि गधेवाले होली से पूर्व अपने गधों को छिपा देते हैं। क्योंकि, नशे में टुल्ली बाराती गधे को भी भांग की पकौड़ियां आदि खिला पिला देते हैं जिसके कारण गधे की हालत बिगड़ जाती है। कहा कि मतकटे दूल्हा की बारात चढ़ने से पूर्व लालटेन से आरती की जाएगी और जले हुए काले मोबिल आयल से तिलक किया जाएगा।
बारात का जगह-जगह गुलाल से स्वागत किया जाएगा। बारात का स्वागत करने वालों को अध्यक्ष झाड़ू से आशीर्वाद देंगे। हरिहर मंदिर से चलकर बारात विभिन्न रास्तों से होते हुए पता नहीं कहां पहुंचेगी यह मामला मतकटों की बैठक में फिलहाल तय नहीं हुआ है। बैठक में विजय गुप्ता, राम सरन देवल, राजू प्रजापति, चिंटु ठाकुर, नीतू गुप्ता, वेद प्रकाश पटवा, शैलेंद्र यादव, आशु ठाकुर, विवेक गुप्ता, भूरा पंडित, अभिषेक चंद्रवंशी, सुनील कोड़ी, बबली , धर्मेंद्र गुप्ता, नंदू आदि लोग मौजूद रहे।
