बिजनौर: गन्ना डालकर लौट रहे किसान को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्राली लूटी
बिजनौर /चांदपुर, अमृत विचार। शुगर मिल में गन्ना डालकर लौट रहे किसान को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में रोककर खेत में बंधक बना लिया। साथ ही हथियारों के बल पर ट्रैक्टर-ट्राली व उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गये। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थाना क्षेत्र के ग्राम ढेला गुर्जर निवासी जितेंद्र …
बिजनौर /चांदपुर, अमृत विचार। शुगर मिल में गन्ना डालकर लौट रहे किसान को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में रोककर खेत में बंधक बना लिया। साथ ही हथियारों के बल पर ट्रैक्टर-ट्राली व उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गये। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम ढेला गुर्जर निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ मिंटू पुत्र धर्मवीर सिंह रात्रि में ट्रैक्टर-ट्राली से चांदपुर शुगर मिल में गन्ना डालने के लिए गया था। वह रात्रि लगभग दो बजे गन्ना डालने के बाद वापस लौट रहा था। जब उसकी ट्रैक्टर-ट्राली गांव अज्जू नंगली के पास पहुंची तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया और पास के ही खेत में ले गए।
बदमाशों ने उसके हाथ पैर बांधकर बंधक बना लिया तथा खेत में डाल दिया। इसके बाद बदमाश उससे मोबाइल ट्रैक्टर-ट्राली लूट कर फरार हो गए। कुछ देर बाद किसी तरह अपने हाथ पांव खोलकर पीड़ित किसान ने अपने साथ हुई घटना की सूचना शुगर मिल चौकी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर लूटी गई ट्रैक्टर-ट्राली को बिजनौर में कालिका मंदिर के पास से बरामद कर लिया। जबकि बदमाश पुलिस को आता देख फरार हो गए। इस संबंध में शुगर मिल चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि किसानों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है तथा ट्रैक्टर को बरामद कर उनके हवाले कर दिया गया था ।
