मुरादाबाद : नगर निगम ने सात पानी की टंकियों पर भगवा रंग चढ़ाया, सपाइयों ने जताई आपत्ति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/अमृत विचार। रंगों के त्योहार (होली) के माहौल के बीच शहरी राजनीति के कई रंग नजर आने लगे हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना में नगर निगम की टंकियों का रंगरोगन शुरू है। इसके रंग को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति उठाई है। हालांकि, परियोजना से जुड़े अधिकारी इसे बेवजह तूल देना मान रहे हैं। जबकि सोशल …

मुरादाबाद/अमृत विचार। रंगों के त्योहार (होली) के माहौल के बीच शहरी राजनीति के कई रंग नजर आने लगे हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना में नगर निगम की टंकियों का रंगरोगन शुरू है। इसके रंग को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति उठाई है। हालांकि, परियोजना से जुड़े अधिकारी इसे बेवजह तूल देना मान रहे हैं। जबकि सोशल मीडिया में यह मामला तेजी से उछला है।

शहर का चयन स्मार्ट सिटी परियोजना में हुआ है, जिसके तहत सड़क, पार्क, ड्रेनेज, पार्किंग, विद्युतीकरण और यातायात के संसाधनों का विस्तार हो रहा है। उधर, निगम की जलापूर्ति वाली टंकियों का कायाकल्प शुरू है। रंगरोगन में इनका रंग बदल गया है। टंकी पर भगवा रंग में झंडा और घोड़े पर सवार आकृति उभरी है। शहर के पीली कोठी, जिगर कॉलोनी और एमडीए पार्क क्षेत्र में रंगरोगन हुआ है। इस मुद्दे पर सपा महिला सभा महानगर की अध्यक्ष और पार्षद शीरीगुल ने आपत्ति जताई है। रंगरोगन पिछले दिनों से चल रहा है। इस बीच होली के पहले रंग का विवाद सुलगने के संकेत दिख रहे हैं। परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी को रंगरोगन के अलग-अलग रंग सुझाए गए हैं। पार्किंग स्थल, सरकारी भवनों, पार्क सहित विविध प्रतिष्ठानों के रंग अलग-अलग तय हैं।

सज्जादानसीन दरगाह शाह मुक्कमल शिबली मियां ने कहा कि भगवा रंग ऋषि मुनि, एकांतवासी पसंद किए हैं। इसे किसी धर्म विशेष से जोड़ना सही नहीं है। सूफिज्म में यह रंग गाढ़ा होकर साबरी के रूप में जाना जाता है। देवाशरीफ में यह पीला हो जाता है, जबकि अध्यात्म में डूबे आदमी के लिए यह गेरुआ हो जाता है। सबका मतलब है इंसानियत को बचाना। ऐसे में निगम की टंकी के रंग को लेकर बेवजह शोर मचाना सही नहीं है।

सपा महिला मार्चा की अध्यक्ष और पार्षद शीरीगुल ने कहा कि शहर की सात पानी की टंकी को भगवा रंग दिया गया है, जबकि पहले रंग सफेद था। इस कदम की हम निंदा कर रहे हैं। पार्टी की बैठक में इसे रखूंगी और निगम प्रशासन से इसका विरोध करुंगी। इस मुद्दे पर तमाम लोगों ने मुझसे शिकायत की है।

सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि नगर निगम की पानी की टंकी के रंगरोगन से विशेष धार्मिक संदेश ठीक नहीं है। भगवा रंग से किसी को कोई ऐतराज नहीं है। तमाम मुस्लिम राजनीतिज्ञों ने इसे स्वीकार किया है, लेकिन इस तरह से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास गलत है। किसी को नफरत के बारे में नहीं सोचना चाहिए। भाईचारा हमारी पहचान है।

स्मार्ट सिटी परियोजना प्रभारी टीएन मिश्र ने कहा ,टंकी पेंटिंग मुद्दे को कुछ लोग बेवजह तूल देने में जुटे हैं, जबकि टंकी का रंग लाल और सफेद निर्धारित है। कुल नौ टंकियों का रंगरोगन होना है। अभी सात की पेंटिंग शुरू हुई है। राष्ट्रपति के गार्ड के झंडे के रंग की पेंटिंग होनी है। ठेकेदार का कहना है कि अभी काम पूरा नहीं हुआ है। काम पूरा होने के बाद सही रूप सामने आएगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डग्गामार की जगह निगम की बसों में पूरा होगा सफर, यात्रियों की सुविधा के लिए गठित की गई टीम

संबंधित समाचार