लखीमपुर-खीरी : तमंचा दिखाकर व्यापारी से लूट की सूचना पर मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर/सिकंद्राबाद, अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की सुबह दिल्ली जा रहे लखीमपुर शहर निवासी एक व्यापारी की कार रोक ली और तमंचा दिखाकर चार लाख रुपये लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारियों समेत कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस …

लखीमपुर/सिकंद्राबाद, अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की सुबह दिल्ली जा रहे लखीमपुर शहर निवासी एक व्यापारी की कार रोक ली और तमंचा दिखाकर चार लाख रुपये लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारियों समेत कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। हालांकि जांच की जा रही है।

लखीमपुर शहर के मोहल्ला काशीनगर निवासी प्लाईवुड मालिक राजेश अग्रवाल बुधवार सुबह अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे। कार उनका चालक फारुख चला रहा था। लखीमपुर से मोहम्मदी जाने वाले मार्ग पर थाना नीमगांव की पुलिस चौकी सिकंद्राबाद के गांव कासिमपुर के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाश आ गए।

बदमाशों ने बाइकें लगाकर कार रोक ली। तमंचा कनपटी पर लगाकर एक बदमाश ने कार की चाभी निकाल ली। अन्य बदमाशों ने कार में एक गत्ते में रखे चार लाख रुपये लूट लिए और तमंचा लहराते हुए भाग निकले। अपने साथ कार की चाभी भी बदमाश ले गए। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी और चालक ने शोर मचाया।

इस पर लोग जुट गये। तब तक बदमाश काफी दूर जा चुके थे। प्लाईवुड मालिक ने पुलिस को सूचना दी। यूपी 112 के साथ थाना नीमगांव और चौकी सिकंद्राबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बदमाशों की सुरागरसी की लेकिन कोई पता नहीं चल सका।

क्षेत्र में भी लूट की वारदात के बाद से सनसनी फैल गई है। एएसपी अरुण कुमार सिंह ने सीओ अभय प्रताप मल्ल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। व्यापारी और चालक से घटना को लेकर अलग-अलग पूछताछ की। चालक ने पुलिस को बताया कि बदमाशों में दो युवक पगड़ी बांधे थे। पीड़ित व्यापारी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस घटना पर संदेह जता रही है।

दो घंटे बाद व्यापारी ने बदले बयान

घटना के दो घंटे के बाद चार लाख रुपये की लूट का शिकार बने व्यापारी ने अपने बयान बदल दिए। उन्होंने लूट की घटना को सिरे से नकार दिया। पुलिस के मुताबिक व्यापारी का कहना है कि उसकी कार से कासिमपुर के पास एक बाइक टकरा गयी थी। इसके बाद बाइक सवारों से उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उसकी जेब में रखे पंद्रह सौ रुपये और एक एटीएम कार्ड छीन लिया और फरार हो गये। व्यापारी के बदले बयान किसी के गले नहीं उतर रहे हैं। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है।

व्यापारी ने पहले लूट की बात बताई। उसके कुछ देर बाद हादसे के दौरान विवाद होने का बयान दिया है। इससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।—अभय प्रताप मल्ल, सीओ मितौली

संबंधित समाचार