सीतापुर: चुनावी रंजिश में युवक पर हमला, जांच में जुटी पुलिस
सिधौली/सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र के गांवों में विवाद और झगड़े-फसाद की घटनाएं शुरू हो गई हैं। गत दिवस अटरिया पुलिस द्वारा एक मामले में एकतरफा कार्रवाई करने के चलते मनबढ़ दूसरे पक्ष ने हथियारबंद होकर पहले पक्ष पर हमलाकर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना में …
सिधौली/सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र के गांवों में विवाद और झगड़े-फसाद की घटनाएं शुरू हो गई हैं। गत दिवस अटरिया पुलिस द्वारा एक मामले में एकतरफा कार्रवाई करने के चलते मनबढ़ दूसरे पक्ष ने हथियारबंद होकर पहले पक्ष पर हमलाकर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना में घायल हुए थाना अटरिया क्षेत्र के मनवा गांव के रेहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसी के गांव के इरफान और उनका पुत्र उस्मान उनके घर के पड़ोस में रहते हैं।
विधानसभा चुनावों का परिणाम आने के बाद से ही उपरोक्त लोग रेहान और उसके भाइयों को एक पार्टी का समर्थन करने के लिए गाली दे रहे थे और फब्तियां कस रहे थे। उपरोक्त लोगों ने बुधवार को उसके भाई शफीक को मनवा बाजार में जुबेर के होटल पर लात-घूंसों से पीटा था और कांच का गिलास मार कर सिर फोड़ दिया था। शफीक ने इस बात की सूचना अटरिया पुलिस को दी थी।
लेकिन अटरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से न लेते हुए शफीक के ही विरूद्ध 107/16 की कार्रवाई कर दी थी। बुधवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे जब रेहान लखनऊ जाने के लिए घर से निकला तो इरफान की दुकान के पास इरफान, उसके लड़के रिज़वान, फुरकान, उस्मान, अरशद, एवं अशरफ, शकील और चार अज्ञात हथियारबंद लोग उसके साथ पिछले दिन की घटना पर पुलिस के पास जाने के लिए गाली-गलौज और मार-पीट करने लगे।
वह जान बचाकर अपने घर में घुस गया। तब हथियारबंद विपक्षी उसके घर में घुस गए और उसको व उसके भाइयों को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में रेहान के अलावा उसके भाई फरीद और रफीक भी घायल हो गए हैं। रेहान ने पुलिस के अतिरिक्त अन्य उच्चाधिकारियों को भी सूचना भेजकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बरेली: बिथरी चैनपुर में दो मुंह वाले सांप की तस्करी करने वाला गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
