बरेली: होली के बाद राजनैतिक दलों में उठा-पटक, भीतरघातियों का चिन्हीकरण शुरू
बरेली, अमृत विचार। होली के बाद राजनैतिक दलों में उठा-पटक शुरू होगी, जिसको लेकर पदाधिकारियों में अभी से हलचल शुरू हो गई है। भाजपा और सपा ने जो सीटें हारी हैं, उन क्षेत्रों की बूथवार समीक्षा शुरू कर दी गई है। जिन्हें बूथ जिताने की जिम्मेदारी दी गई थी, वह उस जिम्मेदारी में कितना सफल …
बरेली, अमृत विचार। होली के बाद राजनैतिक दलों में उठा-पटक शुरू होगी, जिसको लेकर पदाधिकारियों में अभी से हलचल शुरू हो गई है। भाजपा और सपा ने जो सीटें हारी हैं, उन क्षेत्रों की बूथवार समीक्षा शुरू कर दी गई है। जिन्हें बूथ जिताने की जिम्मेदारी दी गई थी, वह उस जिम्मेदारी में कितना सफल रहे, यह भी देखा जा रहा है।
मतगणना में कई बूथों के हालात ऐसे सामने आए कि सपा और भाजपा को दो-दो वोट ही मिले हैं। इससे माना जा रहा है कि संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रियता उस बूथ पर नहीं रही। बूथ पर पकड़ ढीली होने की वजह से बूथ नहीं जीत सके थे। इस चुनाव में भाजपा भोजीपुरा और बहेड़ी सीट हारी है।
दोनों सीटों पर टिकट बंटवारे के बाद से कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी और वे टिकट किसी और नेता के लिए देने को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जता रहे थे। चुनाव जिताने के लिए किन-किन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भीतरघात की है, इस बारे में जानकारी कर उनका चिन्हीकरण किया जा रहा है।
भाजपा ब्रज प्रांत के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने पीलीभीत में कई पदाधिकारियों को भीतरघात करने पर पार्टी से निष्कासन कर दिया था। बरेली में भाजपा के संगठनात्मक तीन जिले हैं, इसमें बरेली जिले की दोनों सीटें हारी हैं। ऐसे में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की सुगबुगाहट अभी से शुरू हो गई है।
वहीं, इस चुनाव में सपा नवाबगंज, फरीदपुर, आंवला, मीरगंज, बरेली कैंट, बिथरी चैनपुर और बरेली शहर सीट हारी है। इसमें बरेली शहर सीट पर सपा की सबसे ज्यादा करारी हार हुई है। इसको लेकर यह माना गया कि संगठन के नेताओं ने ही प्रत्याशी को जिताने के लिए मेहनत नहीं की। भीतरघात के कारण नुकसान पहुंचा है।
हारी सीटों की सपा संगठन समीक्षा करा रहा है। होली के बाद पदाधिकारियों पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व कई नेताओं के खराब प्रदर्शन को लेकर नाखुश है, सपा नेताओं के बीच इसकी सुगबुगाहट भी तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें-
बरेली: होली के रंग में सराबोर हुए डाक्टर, फिल्मी गानों पर खूब थिरके
