हल्द्वानी: प्रदेश के 46 विकासखंडों में बनेगी किसान योजनाओं की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकार की ओर से किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। अब अर्थ एवं संख्या विभाग इन योजनाओं का आंकलन करने जा रहा है। इसके तहत विभाग अपने सर्वे में यह रिपोर्ट तैयार करेगा कि इन योजनाओं का लाभ कितने किसानों तक पहुंच रहा है। साथ ही इससे उनके कृषि कार्य में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकार की ओर से किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। अब अर्थ एवं संख्या विभाग इन योजनाओं का आंकलन करने जा रहा है। इसके तहत विभाग अपने सर्वे में यह रिपोर्ट तैयार करेगा कि इन योजनाओं का लाभ कितने किसानों तक पहुंच रहा है। साथ ही इससे उनके कृषि कार्य में कितना लाभ हुआ इसका भी अध्ययन होगा। विभाग यह कृषि सर्वेक्षण पूरे प्रदेश में करने जा रहा है। 13 जिलों के 46 विकासखंडों में इस सर्वे कार्य को किया जाएगा। इसमें 460 गांवों के किसानों से योजनाओं के विषय में जानकारी ली जाएगी।

अर्थ एवं संख्या विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हर विकासखंड के 10-10 गांवों में किसानों से डेटा संग्रह किया जाएगा। पांच हजार से ज्यादा लोगों से सरकार की कृषि लोन योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही लोन चुकाने में किसानों की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। साथ ही जनधन खातों से जुड़े किसान, फसल बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य योजनाएं कितने किसानों तक पहुंची इसे देखा जाएगा।

किसान योजनाओं से किस प्रकार लाभ ले रहे हैं या लाभ नहीं मिल रहा तो इसके पीछे के कारणों को जाना जाएगा। हालांकि विधानसभा चुनाव के चलते इस सर्वेक्षण कार्य में देरी हुई थी। लेकिन अब चुनाव संपन्न होने के साथ ही इस सर्वे कार्य को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

निदेशालय ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के चलते सर्वेक्षण में देरी हो गई। प्रदेश के 46 विकास खंडों में ये सर्वेक्षण कार्य होना है। जल्द ही सर्वे कार्य शुरू कराया जाएगा।

– राजेंद्र तिवारी, अपर निदेशक कुमाऊं, अर्थ एवं संख्या विभाग

संबंधित समाचार