बदायूं: उमंग और उत्साह के साथ  पूरे जिले में मनी होली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं , अमृत विचार। पूरे जिले में होली का रंगबिरंगा पर्व उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। होली हुड़दंग का त्योहार है लेकिन इस बार हुड़दंग कम रंग और गुलाल के साथ जबर्दस्त होली की उमंग देखी गई। गुलाल, अबीर, रंग से पूरा माहौल सराबोर हो गया। डीजे पर जगह-जगह होली के गीत चलते …

बदायूं , अमृत विचार। पूरे जिले में होली का रंगबिरंगा पर्व उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। होली हुड़दंग का त्योहार है लेकिन इस बार हुड़दंग कम रंग और गुलाल के साथ जबर्दस्त होली की उमंग देखी गई। गुलाल, अबीर, रंग से पूरा माहौल सराबोर हो गया। डीजे पर जगह-जगह होली के गीत चलते रहे।

होलिका दहन से लेकर, होलिका यज्ञ और मंदिरों में रोट चढ़ाने जैसी कई रस्में पूरी की गईं। आपसी मतभेद भुलाकर लोग एक-दूसरे को आखत देकर गले मिले। बच्चों और युवाओं ने जमकर धमाल मचाया। एक-दूसरे पर रंग डालने के अलावा आपस में मिलकर जमकर डांस किया। दोपहर तक खूब होली खेली गई।

जिला मुख्यालय समेत कस्बों और शहर में होली जुलूस निकले। डीजे के साथ ट्रेक्टर ट्रालियों पर निकले लोग जो रास्ते में निकला उसे रंगते चले गए। होली पर ऐसे पटाखे भी दागे गए, जिनसे रंग-बिरंगा धुआं चारो ओर फैल फाग गीतों पर उमड़ता-घुमड़ता दिखाई दिया।ढोल-ताशे और बैंड बाजों के साथ निकली टोलियों के साथ स्वांग धरे कलाकारों ने भी होली के पूरे माहौल को रंगारंग कर दिया।

गली-मोहल्लों से लेकर गांव-देहात में भी जमकर होली खेली गई। हाली इलेक्शन में विधान सभा चुनाव जीते प्रत्याशियों के आवासों पर जमकर होली हुई। एक-दूसरे को बधाई और शुभ कामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। शहर के सर्राफा बाजार गौरीशंकर मंदिर से बैंड-बाजों के साथ होली जुलूस निकला। चार घोड़ियों पर सवार हुरियारे पिचकारियों के साथ रंग बिखेरते और गुलाल उड़ाते निकल रहे थे।

जुलूस में राधा-कृष्ण के स्वरूप डांस करते हुए शामिल थे। जिससे जूलूस में चार चांद लग गए। ट्राली में रंगों के ड्रमों से फब्बारे के माध्यम से रंग डाला जा रहा था। हर कोई रंग-बिरंगे रूप में था। शहर के मुख्य चौराहे सुभाष चौक, रजी चौक, नई सराय, शहबाजपुर चौराहा, टिकट गंज चौराहा होता हुआ जुलूस सर्राफा बाजार में ही संपन्न हुआ।गली-मोहल्लों में जमकर होली खेली गई।

हर मोहल्ले में बनी टोलियां एक-दूसरे पर रंग डाल कर खुश हो रहीं थीं। युवा, बच्चे और वृद्धों ने भी होली का आनंद लिया। महिलाएं भी होली खेलने में पीछे नहीं रहीं। दोपहर बाद सभी ने स्नान करने के बाद नए-नए कपड़े पहने और मंदिरों में दर्शन करने के बाद एक दूसरे के घर जाकर होली मिले और शुभकामनाएं दीं

। गुझिया आदि पकवानों की बहार रही। आपसी संबंधों में एक-दूसरे के घर जाकर पकवानों का आनंद लिया। होली का पर्व पूरे जोश-ओ-खरोश के साथ मनाया गया।

ये भी पढ़ें-

पीलीभीत: ट्रिपल राइडिंग कर रहे बाइकर्स को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत

संबंधित समाचार