सीतापुर: घरेलू गैस रिफिलिंग करते समय आग का गोला बनी वैन, लाखों का हुआ नुकसान
सीतापुर। रेउसा में काफी समय से बड़े पैमाने पर घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिलिंग का अवैध कारोबार फलफूल रहा है। आये दिन गैस रिफिलिंग से घटनाएं घटित होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते यह अवैध कारोबारी अपने इस धंधे को ऊंचाइयों पर ले जाकर धनार्जन करने में व्यस्त हैं। शनिवार को रेउसा …
सीतापुर। रेउसा में काफी समय से बड़े पैमाने पर घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिलिंग का अवैध कारोबार फलफूल रहा है। आये दिन गैस रिफिलिंग से घटनाएं घटित होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते यह अवैध कारोबारी अपने इस धंधे को ऊंचाइयों पर ले जाकर धनार्जन करने में व्यस्त हैं। शनिवार को रेउसा कस्बे में गैस रिफिलिंग के दौरान मारुति वैन आग का गोला बन गई।
आग इतनी भयानक थी कि मारुति वैन के साथ पड़ोस में खड़ी बाइक व मोबाइल की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कस्बा रेउसा के बहराइच रोड स्थित निर्मल की गैस रिफिलिंग की दुकान काफी समय से संचालित है। उक्त दुकान पर दुकानदार द्वारा एक मारुति वैन में घरेलू गैस रिफिलिंग की जा रही थी। अचानक उक्त मारुति वैन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया और धू धू कर मारुति वैन जलने लगी।
पास में मोबाइल की दुकान पर संजय निवासी औरा थाना रेउसा की बाइक व संदीप कुमार की मोबाइल की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकराल लपटों को देखकर निकट की दुकानों पर सामान लेने गए ग्राहकों में भगदड़ मच गई। आग ने मारुति वैन एवं बाइक को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों द्वारा कड़ी मेहनत के बाद दुकान की आग को बुझा लिया, लेकिन मोबाइल की दुकान में हजारों रुपए का सामान एवं काउंटर जल गया।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर गैस रिफिलिंग कर रहा दुकानदार निर्मल व मारुति वैन का चालक मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त गैस रिफिलिंग का धंधेबाज कई वर्षों से भीड़भाड़ वाले स्थान पर जिम्मेदारों की अनदेखी का फायदा उठाकर घरेलू गैस रिफिलिंग का कारोबार संचालित करता आ रहा है।
यह भी पढ़ें: सोनभद्र में हुआ बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर, चार की मौत
