Russia Ukraine War: यूक्रेन में रूस ने दागी हाइपरसोनिक मिसाइलें, स्कूल को बनाया निशाना, 400 लोगों के दबने की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कीव। रूस और यूक्रेन की जंग और भीषण होती जा रही है। रूस ने यूक्रेन पर अपनी लेटेस्ट हाइपरसोनिक मिसाइल  तक से हमला कर दिया है। इसे देखते हुए यूक्रेन की सरकार ने पूरे देश में आसमानी बमबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। युद्ध के बीच रूस ने यूक्रेन के मारियुपोल में रेसक्यू ऑपरेशन …

कीव। रूस और यूक्रेन की जंग और भीषण होती जा रही है। रूस ने यूक्रेन पर अपनी लेटेस्ट हाइपरसोनिक मिसाइल  तक से हमला कर दिया है। इसे देखते हुए यूक्रेन की सरकार ने पूरे देश में आसमानी बमबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। युद्ध के बीच रूस ने यूक्रेन के मारियुपोल में रेसक्यू ऑपरेशन में शामिल बसों को रोक दिया है।

रूस का स्कूल पर हमला, 400 लोगों के दबने की आशंका
रूस ने एब बार फिर स्कूल की बिल्डिंग को निशाना बनाया है। यूक्रेन का दावा है कि रूस ने रविवार को मारियुपोल शहर के एक आर्ट विद्यालय पर बमबारी की। जंग के चलते इस स्कूल में करीब 400 लोगों ने शरण ली हुई थी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले में कितने लोगों की मौत हुई है और कितने अब भी मलबे में दबे हुई हैं।

मारियुपोल के और भीतरी क्षेत्र तक घुसे रूसी सैनिक, स्थानीय लोगों ने मदद मांगी
रूसी सेना से चारों ओर से घिरे और युद्ध से सबसे अधिक प्रभावित यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में रूस के सैनिक और भीतरी क्षेत्र तक प्रवेश कर गए हैं। मारियुपोल में भीषण लड़ाई के कारण एक प्रमुख इस्पात संयंत्र को बंद कर दिया गया है और स्थानीय अधिकारियों ने पश्चिमी देशों से और अधिक मदद की गुहार लगाई है। मारियुपोल के पुलिस अधिकारी माइकल वर्शनिन ने पश्चिमी नेताओं को संबोधित एक वीडियो में आस पास सड़क पर मलबे बिखरे दृश्य को दिखाते हुए कहा, ”बच्चे, बुजुर्ग मर रहे हैं। शहर को नष्ट कर दिया गया है और धरती से इसका नामो निशान मिटा दिया गया है।”

रूस ने पहली बार हाइपरसोनिक मिसाइल का किया इस्तेमाल
युद्ध में रूसी सैनिकों की मौत के आंकड़े में भिन्नता है लेकिन एक अनुमान के मुताबिक इस युद्ध में रूस के हजारों सैनिक मारे गए हैं। 2008 में जॉर्जिया के साथ युद्ध के दौरान पांच दिनों की लड़ाई में रूस के 64 सैनिकों की जान गई थी। अफगानिस्तान में 10 वर्षों में लगभग 15,000 और चेचन्या में लड़ाई के वर्षों में 11,000 से अधिक रूसी सैनिक मारे गए। रूसी सेना ने शनिवार को कहा कि उसने युद्ध में पहली बार अपनी नवीनतम हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया।

अबतक 847 से अधिक नागरिकों की मौत
मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि किंजल मिसाइलों ने इवानो-फ्रैंकिवस्क के पश्चिमी क्षेत्र में यूक्रेन की मिसाइलों और विमान से दागे जाने वाले गोला-बारूद के एक भूमिगत गोदाम को नष्ट कर दिया। हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि अमेरिका हाइपरसोनिक मिसाइल के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं कर सकता। युद्ध शुरू होने के बाद से संयुक्त राष्ट्र के संगठनों ने 847 से अधिक नागरिकों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि वे मानते हैं कि वास्तविक संख्या बहुत अधिक होने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि 33 लाख से अधिक लोग यूक्रेन से पलायन कर गए हैं।

ये भी पढ़ें :  Russia-Ukraine War : यूक्रेन में बजा खतरे का सायरन, जेलेंस्की ने मारियुपोल की घेराबंदी को बताया रूस का ‘आतंक’

संबंधित समाचार