संभ्तल: तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक रौंदी, दो की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बबराला, अमृत विचार। तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक पर बैठे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक हादसे के बाद बस को लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बस का नम्बर बताया। पुलिस ने उसका पीछाकर …

बबराला, अमृत विचार। तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक पर बैठे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक हादसे के बाद बस को लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बस का नम्बर बताया। पुलिस ने उसका पीछाकर दूसरे थाना क्षेत्र की सीमा में जाकर चालक समेत बस को पकड़ लिया। उधर मृतकों के परिजन भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने परिजनों को बस चालक की गिरफ्तारी की बात बताकर शांत कराया। उसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक को भी जेल भेज दिया है।

गुन्नौर थाना क्षेत्र के कस्बा बबराला में थाना क्षेत्र के गांव बघाऊ निवासी 20 वर्षीय जीतू कुशवाहा पुत्र गुलाब सिंह और बबराला के मोहल्ला यादवान निवासी 24 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र भारत सिंह दोनों कस्बे में स्थित जूते-चप्पल की दुकान पर काम करते थे। शनिवार की देर रात जीतू अपनी बाइक से धर्मेंद्र को घर छोड़ने जा रहा था। बाइक पर सवार होकर जैसे ही दोनों बबराला में स्थित इंद्रा चौक पर पहुंचे। गुन्नौर की ओर से आ रही प्राइवेट बस के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के लगते ही धर्मेंद्र सड़क के किनारे गिर गया और जीतू बस के अगले पहियों के बीच में बाइक सहित फंस गया। चालक के बस नहीं रोकने पर जीतू बहुत दूर तक घिसटता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर चालक ने बस को रोका और जीतू को बाहर निकाला।

बस की टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर के बाद धीरे-धीरे मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस दौरान बस चालक भीड़ का फायदा उठाते हुए बस को लेकर बुलंदशहर की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर इंद्रा चौक पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हादसे के वक्त वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बस का नम्बर देकर हादसे की जानकारी दी। बस के पीछे गए पुलिसकर्मियों ने रजपुरा थाना क्षेत्र के टी प्वाइंट चौकी के पास भाग रहे बस चालक को पकड़ लिया।

घटना स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मृतक जीतू की जेब से मोबाइल निकालकर परिजनों को फोन करके घटना के बारे में बताया। उधर धर्मेन्द्र के परिजनों को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दोनों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने बस चालक की गिरफ्तारी की बात बताकर परिजनों को शांत कराया। उधर, गुन्नौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।

संबंधित समाचार