मुरादाबाद : सिरफिरे आशिक ने बीटेक की छात्रा को चाकू से गोदा, गंभीर
मुरादाबाद, अमृत विचार। पड़ोस में ही रहने वाले सिरफिरे आशिक ने इकतरफा प्यार में बीटेक की छात्रा को सरेआम चाकू से गोद डाला। आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया है। शाम करीब साढ़े चार बजे शहर के पॉश एरिया में हुई इस वारदात से लोग सन्न रह गए। छात्रा को कांठ रोड स्थित …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पड़ोस में ही रहने वाले सिरफिरे आशिक ने इकतरफा प्यार में बीटेक की छात्रा को सरेआम चाकू से गोद डाला। आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया है। शाम करीब साढ़े चार बजे शहर के पॉश एरिया में हुई इस वारदात से लोग सन्न रह गए। छात्रा को कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
मझोला थानाक्षेत्र के चाऊ की बस्ती निवासी एक व्यक्ति रेलवे में वाणिज्य विभाग में क्लर्क हैं। फिलहाल वह चंदौसी में तैनात हैं। उनकी 21 वर्षीया पुत्री दिल्ली की एक यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही है। बेटा भी दिल्ली में ही पढ़ता है। पत्नी घर पर अकेली रहती हैं। होली की छुट्टी पर भाई-बहन घर आए थे। उनके पड़ोस में ही देवराज सैनी का मकान है। छात्रा के चाचा ने बताया कि देवराज उनकी भतीजी से इकतरफा प्यार करता था। उसने छात्रा से अपने प्यार का इजहार भी किया मगर छात्रा ने इन्कार कर दिया था। इसके बाद भी देवराज लगातार उसके पीछे पड़ा था। वह आत्महत्या की धमकी देकर छात्रा को परेशान करता था।
परिजनों का कहना है कि छात्रा को रविवार को ही दिल्ली जाना था, लेकिन वह किसी कारणवश रुक गई। सोमवार की शाम वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी। कांठ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने देवराज सैनी ने छात्रा को रोक लिया। बात करने के बहाने वह उसे अंदर ले गया। यहां भी उसने अपने प्यार का इजहार किया। मगर छात्रा ने पहले की तरह इन्कार कर दिया। इस पर आरोपी ने खुदकुशी की धमकी दी। इसका भी छात्रा पर कोई असर नहीं हुआ और वह बाहर निकल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद आरोपी उसके पास पहुंचा और अंटी से चाकू निकालकर उस पर अंधाधुंध वार करने लगा। आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने खून सना चाकू दिखाते हुए पास आने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी का रौद्र रूप से लोग सन्न रह गए। इस दौरान उसने छात्रा की गर्दन, सीने, कंधे, पेट और बाजू पर तड़ातड़ आठ-दस वार कर दिए। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ की मदद से आरोपी को दबोच लिया। राहगीरों की मदद से छात्रा को कांठ रोड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। भीड़ ने आरोपी देवराज सैनी की धुनाई भी कर दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे बचाया और थाने ले गए।
छात्रा को चाकू मारकर घायल करने वाले आरोपी को दबोच लिया है। उससे चाकू भी बरामद कर लिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। – आरपी सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस
